MP News: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के एक स्कूल में प्रिंसिपल और लाइब्रेरियन के बीच मारपीट होने के बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया है। यह घठना पिछले सप्ताह खरगोन के एक स्कूल में हुई। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने प्रिंसिपल और लाइब्रेरियन (दोनों महिला) को निलंबित कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि प्रिंसिपल और लाइब्रेरियन ने मेनगांव पुलिस थाने में एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
Meta AI
काम के बंटवारे को लेकर मारपीट
इस घटना के करीब 90 सेकंड के वीडियो क्लिप में प्रिंसिपल और लाइब्रेरियन जोर-जोर से बहस करते दिख रही हैं। उनमें से एक महिला अपने मोबाइल फोन पर बातचीत को रिकॉर्ड करने की कोशिश करती है, जबकि दूसरी महिला उसे थप्पड़ मारती है, उसका फोन छीन कर जमीन पर फेंक देती है। दोनों एक-दूसरे के बाल खींचती रहती हैं और तब तक हाथापाई करती रहती हैं जब तक कि एक अन्य महिला उन्हें अलग नहीं कर देती। सूत्रों ने बताया कि यह लड़ाई लाइब्रेरियन और प्रिंसिपल के बीच काम के बंटवारे को लेकर हुई बहस के बाद हुई। सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप सामने आने के बाद, दोनों महिलाओं को स्कूल से हटा दिया गया और उन्हें खरगोन के सहायक आयुक्त (आदिवासी विकास) कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
खरगोन की जिलाधिकारी भव्या मित्तल ने कहा, "स्कूल प्रिंसिपल और शिक्षक (लाइब्रेरियन) के बीच हुई लड़ाई दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।" उन्होंने कहा कि सोसाइटी कमिश्नर, नयी दिल्ली अजीत कुमार श्रीवास्तव ने स्कूल प्रिंसिपल प्रवीण दहिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मित्तल ने कहा, "अन्य मुद्दों सहित एक समग्र रिपोर्ट राज्य सरकार और जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्रालय के तहत स्वायत्त संगठन, राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति को भेजी गई है।" एमपी आदिवासी कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त प्रशांत आर्य ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्राप्त अनुशंसा के आधार पर लाइब्रेरियन, मधुरानी को भी निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने कहा कि दोनों महिलाओं ने मेनगांव पुलिस स्टेशन में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा, "मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त करने के बाद उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।"
(इनपुट - भाषा)
