तिल देखो, ताड़ देखो,आंखें फाड़ फाड़ देखो,शेर की दहाड़ देखो, मार्बल का पहाड़ देखो,चंदेरी की साड़ी देखो, बांधवगढ़ की झाड़ी देखो,मांडु का महल देखो,जंगल की हलचल देखो,चीतल देखो गौर देखो,बारहसिंह और मोर देखो,शिवपुरी की छतरी देखो,चांदी की ये पटरी देखो,उज्जैन के संत देखो,बौद्धिक महंत देखो, बुद्ध के निशान देखो, गीता औैर क़ुरान देखो, इंदौर की शान देखो, कैसे बनता पान देखो, ता थय्या ता…खजुराहो शिल्पकारी देखो, भीम्बेटका कलाकारी देखो, कट्टर प्रेम पुजारी देखो, आंखें मिचे मिचे देखो, आंखें फाड़ फाड़ देखो, ता थय्या ता… सतपुड़ा की रानी देखो, भोपाल राजधानी देखो, राजधानी में झील देखो, बहता पानी झिलमिल देखो,धर्मों की महफिल देखो, हिंदुस्तान का दिल देखो...
मध्य प्रदेश टूरिज्म का कुछ साल पुराना यह विज्ञापन तो आपको याद ही होगा। अगर आप इतना सबकुछ देखने नहीं भी जा रहे और सिर्फ राजधानी भोपाल जा रहे हैं तो भी आपको रहने की व्यवस्था तो करनी ही पड़ेगी। रहने के लिए राजधानी भोपाल में वैसे तो कई छोटे-बड़े होटल हैं। लेकिन हम तो आपसे कहेंगे कि आपको कहीं भटकने की जरूरत नहीं है। होटल की चिंता को धुंए में उड़ाने की व्यवस्था रेलवे ने कर दी है।
स्टेशन पर खुला पॉड होटल
जी हां भोपाल रेलवे स्टेशन पर मध्य प्रदेश का पहला पॉड होटल शुरू हो चुका है। इस पॉड होटल में यात्री स्मार्ट, स्टाइलिश और सुविधाजनक तरीके से आराम कर सकते हैं। इस पॉड होटल का उद्घाटन सांसद आलोक शर्मा, डीआरएम देवाशीष त्रिपाठी और सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया की उपस्थिति में हुआ।
पॉड होटल चलाने की जिम्मेदारी किसकी?
पॉड होटल को IRCTC द्वारा संचालित किया जाएगा, बता दें कि IRCTC ट्रेनों की टिकट, खानपान आदि के लिए भी जिम्मेदार है। हाल ही में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हुए महाकुम्भ मेले के दौरान IRCTC ने वहां पूरी की पूरी टेंट सिटी बसायी थी। अद्भुत सुविधाओं वाली टेंट सिटी की सभी ने तारीफ की थी।
कैसे बुक करेंगे पॉड होटल?
अगर आप भी होटल की चिंता को धुंए में उड़ाने के लिए तैयार हैं तो बता दें कि भोपाल रेलवे स्टेशन पर पॉड बुक करने के लिए आपको PNR नंबर की जरूरत होगी। आप अपने PNR नंबर से ऑनलाइन ही इन पॉड होटल में अपने लिए पॉड बुक कर सकते हैं।
कितना किराया चुकाना पड़ेगा
पहले तो बता दें कि भोपाल होटल पर कुल 78 पॉड बनाए गए हैं, जिनमें 58 सिंगल पॉड और 20 फैमिली पॉड भी शामिल हैं। सिंगल पॉड मात्र 200 रुपये से शुरू हो जाते हैं और 1200 रुपये तक इनका दाम जाता है। अगर आप फैमिली पॉड बुक करना चाहते हैं तो सिर्फ 700 रुपये खर्च करे 6 घंटे तक इन 5 स्टार पॉड में बिता सकते हैं। इसके अलावा 1500 रुपये खर्च करके आप 24 घंटे भी यहां रह सकते हैं।
बता दें कि भोपाल स्टेशन से हर रोज 40 हजार यात्री गुजरते हैं। यहां पर पॉड होटल की व्यवस्था शुरू होने से यात्रियों के अनुभव को एक नई दिशा मिलेगी।
