Bhopal News: कई बार दूसरों की भलाई करना भी महंगा पड़ जाता है। कई बार तो यह नुकसान इतना बड़ा होता है कि जान से हाथ धोना पड़ता है। ऐसा ही एक प्रकरण सामने आया है भोपाल में। यहां पति-पत्नी के झगड़े के बीच में एक पड़ोसी की जान चली गई। बता दें कि यह सब तब हुआ, जब पति पत्नी के बीच मटन बनाने को लेकर विवाद हो रहा था। मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल के बिलखिरिया में पप्पू नामक शख्स अपनी पत्नी कुंती के साथ झगड़ा कर रहा था। दोनों के बीच यह विवाद मटन बनाने को लेकर हुआ था। बताया जा रहा है कि पप्पू घर पर मटन बना रहा था। इसके बाद उसकी पत्नी भड़क गई और उसे ऐसा करने से रोकने लगी।
भोपाल में बड़ा अपराध
पति-पत्नी का झगड़ा सुलझाना पड़ा महंगा
मिली जानकारी के अनुसार बार-बार रोकने के बावजूद जब पति नहीं माना रहा था तो पत्नी उससे जा भिड़ी। दोनों के बीच भयंकर झगड़ा शुरू हो गया। इसके बाद पति कथित तौर पर अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटने लगा। पत्नी के शोर मचाया तो उसकी आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाला बल्लू दोनों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने के लिए पहुंच गया। लेकिन उसे यह नहीं पता था कि ऐसा करना उसके लिए इतना खतरनाक हो जाएगा कि उसे जान से हाथ धोना पड़ेगा।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
बता दें कि बल्लू गया तो था विवाद को शांत कराने लेकिन आरोपी के साथ उसकी कहासुनी होने लगी और फिर वह अपने घर वापस लौट आया। लेकिन कुछ देर बाद महिला का पति डंडा लेकर पड़ोसी बल्लू के घर आ धमका और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से बल्लू मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतक की पत्नी ने पुलिस से मामले की शिकायत की। थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने बताया है कि आरोपी पप्पू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
