सतना : जिले के चित्रकूट में सोमवार को अवैध निर्माण पर बुल्डोजर चलाया गया है। मोहमगढ़ तिराहा से पीलीकोठी तक 42 करोड़ की लागत से बन रही साढ़े 6 किलोमीटर की फोरलेन सड़क के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर किया जा रहा है। इस सड़क निर्माण में 160 से ज्यादा अतिक्रमण के रूप में चिन्हित की गई थी। इसमें से करीब 50 से ज्यादा लोगों ने अपने अतिक्रमण स्वयं हटा लिए थे। 20 से ज्यादा घरों और भवनों को हटाने की कार्रवाई की गई, जिसके बाद हंगामें के आसार थे, जिसको देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
सतना के चित्रकूट में बुलडोजर की कार्रवाई
पुलिस बल तैनात
मोहमगढ़ तिराहा से पीलीकोठी तक निर्मित होने वाली सड़क के लिए कुछ इमारतें बाधा नहीं रही हैं। प्रशासन ने पूर्व में रूट पर पड़ने वाले घरों को नोटिस दी थी, जिनमें से कुछ लोगों ने अपने मकान खाली कर दिए, लेकिन 20 मकान मालिकों ने घर नहीं हटाए। ऐसे में प्रशासन को बुलडोजर एक्शन का सहारा लेना पड़ा। प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार था। इस कार्रवाई में दो SDM और 50 से ज्यादा पुलिस बल मौजूद रहा।
इस कार्रवाई में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य का भी अतिक्रमण हटाया गया। इस सड़क पर दोनों तरफ नाली और बीच में डिवाइडर का निर्माण भी किया जाना है। सड़क का निर्माण कार्य पहले से ही चल रहा था, लेकिन अतिक्रमण की वजह से काम में तेजी नहीं आ पा रही थी।
