Bhopal News: भोपाल के कोलारा इलाके में नशेड़ी युवकों ने एक मां के सामने ही उसके बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। युवक मोहल्ले में घूमने के लिए निकला था। इसी दौरान मोहल्ले के ही नशेड़ी युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद चार-पांच नशेड़ियों ने युवक पर हमला बोल दिया। बेटे की चीखने की आवाज सुनकर मां अपने बेटे को बचने दौड़ी और बदमाशों से छोड़ देने की मिन्नतें करते हुए अपने बेटे के ऊपर लेट गई। लेकिन बदमाशों ने मां की हृदय विदारक चीखों को अनसुना कर दिया और आरोपियों ने अपने बेटे को बचाने की जद्दोजहद कर रही मां को खींचकर युवक के सीने में चाकू से वार करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने युवक के सीने में 10 से ज्यादा बार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
भोपाल में चाकू से गोंदकर युवक की बेरहमी से हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
यह पूरी घटना कोलार इलाके के कान्हा कुंज फेस-2 की है। पुलिस के अनुसार, मृतक महेश सोनवानी (24) शहर में बैनर-पोस्टर लगाने का काम करता था। उसका मोहल्ले के रहने वाले पन्नालाल से कुछ दिन पहले विवाद हो गया था। उस समय महेश ने पन्नालाल को पीट दिया था तभी से पन्ना लाल महेश से बदला लेने की तलाश में था। पुलिस ने इस मामले मे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं बाकि के आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
बेटों के साथ आरोपियों ने बोला हमला
मृतक के स्वजनों ने पुलिस को बताया की बीती शाम को महेश जा रहा था, तभी रास्ते में पन्ना लाल मिल गया और वह महेश को गाली देने लगा। जिस पर महेश ने उसे उठाकर नाली में पटक दिया। जिसके बाद पन्नालाल भागकर घर पहुंचा और अपने बेटों को बुला कर लाया और हमला बोल दिया। मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि, बेटे के चीखने की आवाज सुनकर उसे बचाने को दौड़ी और बेटे के ऊपर लेट गई। हमलावरों ने उसे खींचकर दूर हटाकर उसके सीने में चाकू से कई वार किए। मेरी आंखों के सामने ही मेरे बेटे की हत्या कर दी गई। कोलार थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि, विवाद नशे में गाली-गालौज को लेकर शुरू हुआ था। मृतक के परिजनों ने हत्या के इस मामले में अभिषेक, आशीष और पन्नालाल के दो बेटों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकि की तलाश चल रही है।
