मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मूंग की 100% न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद और खाद के ई-टोकन सिस्टम को खत्म करने की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन लगातार जारी है। किसान मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। जिसके बाद किसान रातभर से होशंगाबाद रोड पर ही धरने पर बैठे हैं, जिससे दोनों तरफ यातायात प्रभावित है।
मूंग खरीद को लेकर किसानों का आंदोलन जारी
सीएम हाउस घेरने निकले थे किसान
संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान नर्मदापुरम से पैदल मार्च करते हुए मंगलवार देर शाम भोपाल पहुंचे थे। उनका मकसद मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें सीएसआईआर-एएमपीआरआई (पूर्व आरआरएल) तिराहे के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
सात दिन के राशन के साथ पहुंचे प्रदर्शनकारी
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि वे अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन को जारी रखेंगे। किसान का दावा है कि वे अपने साथ सात दिनों का राशन लेकर आए हैं। उन्होंने पुलिस द्वारा सीएम आवास जाने से रोके जाने के बाद सड़क किनारे ही भोजन बनाकर रात बिताई।
किसानों की प्रमुख मांगें
किसान मूंग की 100 फीसदी खरीद MSP पर सुनिश्चित करने, खाद वितरण के ई-टोकन सिस्टम में सुधार या उसे खत्म कर पुरानी व्यवस्था बहाल करने और खेती से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन से बातचीत बेनतीजा
अभी तक जिला प्रशासन और किसान नेताओं के बीच हुई बातचीत में कोई समाधान नहीं निकल सका। किसानों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा।
स्कूलों में छुट्टी, ट्रैफिक डायवर्जन लागू
किसानों के प्रदर्शन और सड़क जाम को देखते हुए भोपाल के कई स्कूलों ने एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी। साथ ही प्रशासन ने ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए कई रास्तों पर वाहनों का डायवर्जन लागू किया है।
- नर्मदापुरम रोड की तरफ से आने वाले वाहनों को 11 माइल बाईपास, खजूरी कलां, SOS रोड और पिपलानी मार्ग से भेजा जा रहा है।
- मिसरोद और बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी क्षेत्र के लोगों को बावड़िया कलां पुल के रास्ते कोलर और 10 नंबर इलाके में जाने की सलाह दी गई है।
- MP नगर से नर्मदापुरम रोड जाने वाल वाहन चालकों को गोविंदपुरा-पिपलानी, पटेल नगर या खजूरी कलां मार्ग का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
- एम्स भोपाल जाने वाले लोगों को कटारा हिल्स, बागसेवनिया होते हुए RRL पुल के नीचे से बाएं मुड़ने की सलाह दी गई है।
- प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक रास्ता अपनाने और जरूरी होने पर ही प्रभावित क्षेत्र में यात्रा करने की अपील की है।
