Bhagalpur Ganga River Boat Incident: भागलपुर में गंगा नदी के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यात्रियों से भरी एक नाव अचानक बीच धारा में खराब हो गई, जिससे नाव में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। नाव बरारी गंगा घाट से महादेवपुर गंगा घाट (Bihar Boat Accident) की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक नाव का इंजन बंद हो गया और नाव बीच नदी में ही रुक गई। बताया जा रहा है कि नाव पर 100 से ज्यादा लोग सवार थे। इनमें महिलाएं, बच्चे और कुछ मरीज भी शामिल थे।
मदद के लिए मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम
जैसे ही नाव बीच गंगा में फंसी, यात्रियों में डर का माहौल बन गया। कई लोग घबराकर जोर-जोर से मदद मांगने लगे। नदी के तेज बहाव और नाव के रुक जाने से सभी यात्री काफी परेशान हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ के जवानों ने काफी मेहनत के बाद नाव तक पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद लोगों को सुरक्षित नदी किनारे पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और सभी लोग सुरक्षित बचा लिए गए।
बचाव टीम के पहुंच जाने से बड़ा हादसा टला
नाव में मौजूद यात्रियों ने बताया कि इंजन बंद होते ही सभी लोग डर गए थे। खासकर बच्चों और मरीजों के साथ आए परिजन काफी घबरा गए थे। कई लोगों को लग रहा था कि नाव पलट सकती है। हालांकि समय रहते बचाव टीम के पहुंच जाने से बड़ा हादसा टल गया। एसडीआरएफ इंस्पेक्टर नीलू ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई की और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि नदी में चलने वाली नावों की नियमित जांच होना जरूरी है ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। घटना के बाद घाट इलाके में कुछ समय तक लोगों की भीड़ लगी रही।
