बारामूला में शादी से लौट रहा था परिवार, खाई में गिरी SUV कार, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के बारामूला में शादी से लौट रही एक SUV खाई में गिर गई। हादसे में पति-पत्नी समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 साल की बच्ची घायल है।

जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) के बारामूला जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक दर्दनाक सड़क हादसे (Road Accident) में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 साल की एक बच्ची घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब परिवार के लोग शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी SUV अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

baramulla uri suv accident four family members killed

शादी से घर लौट रहा था परिवार, अचानक खाई में गिरी SUV {सांकेतिक तस्वीर (साभार- iStock)}

देर रात हुआ दर्दनाक हादसा

अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार देर रात बारामूला जिले (Baramulla) के उरी इलाके के गोहलान में हुआ। परिवार के सभी सदस्य पास के एक गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह खत्म होने के बाद सभी SUV से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक गाड़ी खाई में गिर गई। बताया गया है कि SUV में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। हादसा इतना गंभीर था कि गाड़ी में बैठे सभी लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चार लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

पति-पत्नी समेत चार लोगों की मौत

अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सैयद शफीक शाह (26), उनकी पत्नी राशिदा बानो (25), उनकी बहन दिलनाज फातिमा (17) और चचेरी बहन शाहिदा फातिमा (27) के रूप में हुई है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। शादी समारोह से लौट रहे परिवार ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि उनका यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

11 साल की बच्ची अस्पताल में भर्ती

इस हादसे में 11 साल की एक बच्ची भी घायल हुई है। उसे इलाज के लिए बारामूला के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

End Article
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करत...

End of Feed