बाराबंकी में CNG कार में आग लगने से शख्स की जिंदा जलकर मौत, घर से महज 2 किलोमीटर दूर हुआ हादसा

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक दर्दनाक हादसे में सीएनजी कार में आग लगने से 45 वर्षीय चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई, जब प्रदीप कुमार लखनऊ एयरपोर्ट से यात्रियों को छोड़कर अपने गांव लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग लगने के बाद कार के दरवाजे लॉक हो गए, जिससे चालक अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में करीब चार महीने पहले खरीदी गई एक सीएनजी-चालित कार में आग लगने से उसके चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब दो बजे सफदरगंज थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव में चालक के घर से महज दो किलोमीटर दूर यह घटना हुई। स्थानीय लोगों ने शनिवार सुबह करीब छह बजे जली हुई कार देखी। वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर चालक की पहचान प्रदीप कुमार (45) के रूप में हुई।

Barabanki Car Fire

लखनऊ एयरपोर्ट से घर लौट रहे व्यक्ति की दर्दनाक मौत (प्रतीकात्मक फोटो)

आग लगने के बाद कार के दरवाजे बंद हो गए

सफदरगंज के थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग लगने के बाद कार के दरवाजे बंद हो गए, जिससे चालक अंदर ही फंस गया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया अंदेशा है चालक ने सीट के बगल वाला दरवाजा खोलकर बाहर निकलने की कोशिश की होगी, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो सका। पुलिस अभी आग लगने के कारण का पता नहीं लगा पाई है। त्रिपाठी ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को मौके पर बुलाया गया। आग बुझने के बाद पुलिस ने कार के दरवाजे खोलकर चालक के अवशेष बरामद किए। उन्होंने बताया कि अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। वहीं, फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आगे की जांच के लिए जली हुई कार से नमूने एकत्र किए।

End of Feed