Char Dham Yatra: उत्तराखंड में चार धाम यात्रा शुरू हो गई है। भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 10 मई को बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट खोले गए थे। उसी दिन यमुनोत्री धाम के कपाट भी खोले गए थे, जिसके बाद भक्तों की भारी भीड़ दर्शन के लिए पहुंची। दो धाम के कपाट खुलने के बाद आज, 12 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट भी खुल गए हैं। सुबह 6 बजे भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुन के बीच मंदिर के कपाट खुलने के बाद भक्तों की भीड़ उमड़ी। बदरीनाथ दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों ने मिलकर उत्सव मनाया।
यमुनोत्री यात्रा न करने की पुलिस ने की अपील
यमुनोत्री की यात्रा न करने की पुलिस की अपील
अक्षय तृतीया के दिन यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए थे। यमुनोत्री के कपाट खुलने के बाद हजारों की संख्या में चार धाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए क्षमता से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ये किसी जोखिम से कम नहीं है। भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने रविवार को लोगों से यात्रा स्थगित करने की अपील की है।
दो दिनों के भीतर यमुनोत्री की कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आई है। इसमें यात्रा करने आए श्रद्धालुओं की संख्या देखी जा सकती है। ऐसे में लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। इसे ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए आज यात्रा न करने की विनम्र अपील की है।
बदरीनाथ धाम हाईवे पर लगा जाम
इस बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तराखंड के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है, जिसके कारण चारधाम यात्रा पर भी इसका प्रभाव पड़ा है। शनिवार को हुई तेज बारिश के चलते बदरीनाथ हाईवे से रुद्रप्रयाग व सिरोबगड़ के रास्ते में पहाड़ियों से मलाबा रास्ते पर गिरा, जिसके चलते रास्ते को बंद करना पड़ना। बदरीनाथ दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को लंबे समय तक मलबा हटाने का इंतजार करना पड़ा और यहां भारी जाम की स्थिति बनी रही।
