Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में इन दिनों सांपों के दिखाई देने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक, बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में रविवार और सोमवार को दो बड़े सांप मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। एक ओर जहां खाली पड़े प्लॉट में 8 फीट लंबा कोबरा दिखाई दिया, वहीं अगले ही दिन एक पेड़ पर बैठा भारी-भरकम अजगर मिलने से हड़कंप मच गया। रविवार को कन्नौज रोड पर हरिश्चंद्र राठौर के ढाबे के पास लोगों ने एक काले कोबरा को खेत में देखा।
हरदोई में कोबरा और अजगर दिखने से दहशत
बताया जा रहा है कि, प्लॉटिंग कार्य में लगे लोगों ने सांप दिखते ही शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। जानकारी वन विभाग तक पहुंचाई गई, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग एक घंटे तक विभाग की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी भी रही। बाद में अधिकारियों ने बताया कि उन्हें देर से सूचना मिली थी और जल्द ही टीम भेजी जाएगी। इधर सोमवार को जरौली नेवादा रोड स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री के सामने एक पेड़ पर बड़े आकार का अजगर दिखाई दिया। ऐसे में, लोग इकट्ठा हो गए और मामला वन विभाग तक पहुंचा।
टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी कोशिशों के बाद पेड़ की डाल काटकर अजगर को सुरक्षित नीचे उतारा गया। कर्मी राहुल के अनुसार यह अजगर करीब 8 फीट लंबा और लगभग 40–45 किलो वजनी था। टीम के रेस्क्यू के बाद इसे जंगल में छोड़ने की तैयारी की गई। लगातार दो दिनों में दो बड़े सांप मिलने की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने सतर्कता बरतते हुए सांपों को नुकसान से बचाने की कोशिश की, वहीं वन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।
