Ram Mandir Ayodhya: पवित्र नगरी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ आज 31 दिसंबर को श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर राम मंदिर परिसर और पूरी रामनगरी में धार्मिक उत्सव का माहौल है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच चुके हैं और आने का सिलसिला लगातार जारी है।
आज प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी सालगिरह (फाइल फोटो | PTI)
27 दिसंबर से जारी हैं धार्मिक अनुष्ठान
राम मंदिर ट्रस्ट के अनुसार प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान 27 दिसंबर से प्रारंभ हो चुके हैं। पूजा-पाठ, हवन और विशेष धार्मिक क्रियाएं 2 जनवरी 2026 तक चलेंगी। इन आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव कराने की व्यवस्था की गई है। हिंदू पंचांग के अनुसार इस वर्ष पौष शुक्ल द्वादशी यानी आज पड़ रही है। इसी दिन राम मंदिर में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। मंदिर परिसर में विशेष पूजा और वैदिक अनुष्ठान होंगे, जिन्हें जगद्गुरु माधवाचार्य की देखरेख में संपन्न कराया जाएगा।
रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री होंगे शामिल
मुख्य समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। दोनों नेता सुबह करीब 11 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रक्षा मंत्री का स्वागत करेंगे।
अन्नपूर्णा मंदिर में ध्वजारोहण
प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राम जन्मभूमि परिसर स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वे रामलला के दर्शन-पूजन में भाग लेंगे और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के दौरान राम मंदिर के निकास द्वार स्थित अंगद टीला पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रद्धालुओं और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। इस दौरान राम मंदिर आंदोलन और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े संदेश दिए जाने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ और नए साल को देखते हुए अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट की ओर से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि दर्शन और आयोजनों में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
