Montha Cyclone 2025: आंध्र प्रदेश सरकार ने मोंथा चक्रवात की संभावना को देखते हुए राहत और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था के लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव क्षेत्र के कारण यह चक्रवात 28 अक्टूबर की शाम को आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट के पास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच से गुजर सकता है। वर्तमान में यह सिस्टम चेन्नई से लगभग 780 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व, विशाखापत्तनम से 830 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व, काकीनाडा से 830 किलोमीटर दक्षिणपूर्व और गोपालपुर से 930 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व स्थित है।
मोंथा चक्रवात के लिए हाई अलर्ट (फोटो: ANI/IMD)
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-उत्तर-पश्चिम की दिशा में बढ़ते हुए 28 अक्टूबर की सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान में परिवर्तित हो सकता है और शाम तक आंध्र प्रदेश तट को पार कर सकता है। इस दौरान हवाओं की गति अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है और कुछ जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है। राज्य के नागरिक आपूर्ति मंत्री एन. मनोहर ने बताया कि तैयार की गई कार्य योजना में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के स्टॉक, ईंधन आपूर्ति प्रबंधन, धान खरीद संबंधी कदम, राहत शिविरों में भोजन आपूर्ति और चक्रवात के बाद राहत वितरण जैसी सभी जरूरी तैयारियों को शामिल किया गया है। उन्होंने शनिवार देर रात जारी एक आधिकारिक बयान में कहा कि आंध्र प्रदेश सरकार ने मोंथा चक्रवात के प्रभावों से निपटने के लिए विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट तैयार की है, ताकि तूफान आने से पहले सभी तैयारियां सुनिश्चित हो सकें।
पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र ने रविवार को और गहराई हासिल कर ली है और यह धीरे-धीरे पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है। 28 से 31 अक्टूबर तक पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, 27 अक्टूबर से दक्षिण बंगाल के कोलकाता, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और हुगली जिलों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू होगी। 28 से 31 अक्टूबर के बीच दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 30 और 31 अक्टूबर को उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर और मालदा जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।
ओडिशा के 30 जिलों में अलर्ट
इसके साथ ही, ओडिशा सरकार ने राज्य के सभी 30 जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के विभिन्न हिस्सों में बहुत भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़, गजपति और गंजाम जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में अलर्ट जारी है और बचाव तथा राहत कार्यों के लिए प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह तैयार है। दक्षिणी और तटीय क्षेत्रों के सात जिलों में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
(इनपुट - भाषा)
