UP Elections 2027: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के शामली में बड़ी राजनीतिक बयानबाजी की है। ओवैसी ने साफ कहा है कि उनकी पार्टी का मुख्य लक्ष्य योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने से रोकना है। इसके लिए उनकी पार्टी समान सोच रखने वाली किसी भी पार्टी से गठबंधन करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है और फैसला फाइनल होते ही जानकारी दी जाएगी।
असदुद्दीन ओवैसी (फोटो साभार- PTI)
इंडिया ब्लॉक पर लगाया बड़ा आरोप
ओवैसी ने इस दौरान INDIA गठबंधन पर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार में उनकी पार्टी AIMIM के 4 विधायकों को तोड़ा गया। ओवैसी ने बताया कि बिहार में उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने RJD, कांग्रेस, CPI(ML) और CPI समेत INDIA गठबंधन की सभी पार्टियों को चिट्ठी लिखकर सिर्फ 6 सीटें मांगी थीं, लेकिन उन्हें साथ नहीं लिया गया। इसके उलट उनकी पार्टी के 4 विधायकों को अपने पाले में मिला लिया गया। ओवैसी ने इसकी तुलना महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना में हुई टूट से की और विपक्ष के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए।
चीन और केंद्र सरकार पर भी निशाना
ओवैसी ने अरुणाचल प्रदेश में चीन के मुद्दे पर केंद्र सरकार को भी घेरा। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश और चीन के बॉर्डर पर एलएसी के पास जिस एरिया को हम अपना कहते हैं, वहां चीन की फौज घुस कर बैठ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी सेना भारतीय जवानों की पेट्रोलिंग रोकती है और वहां के नागरिकों को भी जाने से रोकती है। ओवैसी ने कहा, "मोदी जी, कुछ तो बोलो देश को, छुपाने की बात क्या है? ये भारत की सालमियत का मसला है।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- 'राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस ने अभद्रता की सारी सीमाएं की पार', PM मोदी को लेकर खरगे के बयान पर शाह का पलटवार
जेद्दा में फंसे भारतीयों का मुद्दा उठाया
AIMIM चीफ ने उमराह के लिए गए भारतीयों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि करीब 4000 भारतीय नागरिक मक्का, मदीना और जेद्दा में फंसे हुए हैं। इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा की फ्लाइटें जेद्दा से भारत नहीं आ रही हैं। वहां फंसे लोगों में कई बीमार हैं, उन्हें खाने-पीने की दिक्कत हो रही है और ट्रैवल एजेंट भी मदद नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से तुरंत विमान भेजकर सभी को वापस लाने की मांग की।
ट्रंप पर भी की टिप्पणी
वाशिंगटन में बैठे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर टिप्पणी करते हुए ओवैसी ने उन्हें 'ऑरेंज यानी संतरा' कहा। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में करीब 1 करोड़ भारतीय मेहनत कर रहे हैं और भारत की 40 फीसदी विदेशी मुद्रा GCC देशों से आती है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री मोदी, शी जिनपिंग, ट्रंप और नेतन्याहू से क्यों नहीं कहते कि जंग न करो, अगर जंग हुई तो हमारे 1 करोड़ लोगों का क्या होगा।
