Parminder Singh Jhota Murder: पंजाब के मानसा जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नशे के खिलाफ खुलकर आवाज उठाने वाले युवा एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा (Punjab Anti Drug Activist Killed) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और राज्य की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर बड़े सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। परविंदर की हत्या के बाद से विपक्षी दल लगातार मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर हमलावर हैं।
परविंदर झोटा मर्डर केस
वहीं पर अब इस पूरे मामले को लेकर मानसा के SSP वैभव चौधरी ने टाइम्स नाउ नवभारत से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए कई सवालों के जवाब दिए हैं। वैभव चौधरी ने कहा कि हमने आरोपी को पकड़ने के लिए 6 टीमें बनाई हैं। जो पंजाब के साथ-साथ आसपास राज्यों में रेड कर रही हैं बहुत जल्दी आरोपी हमारी गिरफ्त में होगा।
आरोपी को सुबह ही चिन्हित कर लिया गया था, उसके तमाम सहयोगियों को हमने राउंड अप कर लिया है। वैभव चौधरी ने कहा परविंदर सिंह और मेडिकल स्टोर मालिक अश्विनी के बीच 2023 में भी झगड़ा हो चुका है। इन दोनों के बीच पुरानी रंजिश भी चली आ रही थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: पंजाब की राजनीति में बड़ा भूचाल, सीएम भगवंत मान के पूर्व OSD मनजीत सिंह सिद्धू ने थामा कांग्रेस का हाथ
परिवार ने AAP सरकार और मानसा विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
मानसा में परविंदर सिंह के समर्थन में प्रदर्शन हो रहे हैं। पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह की गोली मारकर हत्या मामले में उनके पिता ने AAP सरकार और मानसा विधायक विजय सिंघल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का दावा है कि परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त-सचिन पायलट
वहीं पर कांग्रेस नेता और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने एएनआई से बातचीत करते हुए कहा, "पंजाब में जो भी व्यक्ति ड्रग्स के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करता है, सरकार को एक्सपोज करता है, उसका यही हाल हो रहा है। जिस प्रकार आज दिन दहाड़े एक नौजवान को गोली मारी गई सिर्फ इसलिए क्योंकि वो ड्रग्स बेचने वालों को एक्सपोज करने की कोशिश कर रहा था, यह दिखाता है कि पंजाब में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, वहां की सरकार लाचार हो चुकी है। पूरे समाज को इसके खिलाफ साथ आना पड़ेगा...खासकर पंजाब में ड्रग्स की समस्या का ऐसा निर्माण हो चुका है, जिसको नियंत्रित करने में AAP की सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है।"
