उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित 'VIP' की भूमिका को लेकर जारी घमासान के बीच नया मोड़ आ गया है। हरिद्वार पुलिस ने रविवार को अभिनेत्री उर्मिला सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। उर्मिला सनावर की यह गिरफ्तारी नार्को टेस्ट से ठीक पहले हुई है, जिसे लेकर राजनीतिक पारा अचानक चढ़ गया है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर भारतीय जनता पार्टी सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
कुमारी शैलजा ने बीजेपी सरकार से पूछा सवाल (फाइल फोटो)
'VIP की भूमिका का सच सामने आने से रोकने की कोशिश': कुमारी शैलजा
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा, "अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा सरकार आखिर किसे बचाने के लिए इतनी बेचैन है? उर्मिला सनावर नार्को टेस्ट के लिए तैयार थीं। कल उनका नार्को टेस्ट होना था, लेकिन उससे ठीक पहले भाजपा सरकार ने उनके खिलाफ नया मामला दर्ज किया और आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी भाजपा सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर नार्को टेस्ट से पहले ही यह कार्रवाई क्यों की गई? यह सीधा-सीधा VIP की भूमिका का सच सामने आने से रोकने की कोशिश है।"
सहारनपुर से 12 घंटे के भीतर हुई गिरफ्तारी
हरिद्वार पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर की गई है। शिकायतकर्ता ने 24 अक्टूबर की रात हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।मामला दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर हरिद्वार पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए उर्मिला सनावर को सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया टिप्पणी और 5 करोड़ रुपये रंगदारी का आरोप
पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पूर्व विधायक की बेटी की शिकायत में उर्मिला सनावर पर आरोप लगे हैं कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर शिकायतकर्ता और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां कीं, जिससे परिवार की छवि को भारी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। आरोप है कि अभिनेत्री ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और 5 करोड़ रुपये देने की मांग की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
