Andhra Pradesh Fire Accident: आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामराजू जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 की सुबह अनंतगिरि मंडल के पिनाकोटा गांव में सड़क निर्माण काम के दौरान हुए एक भीषण अग्निकांड में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब निर्माण स्थल पर खड़े एक पिकअप ट्रक में डीजल भरा जा रहा था।
आंध्र प्रदेश में रिफ्यूलिंग के दौरान लगी भीषण आग
पुलिस अधीक्षक (SP) अमित बरदार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। चूंकि यह कंस्ट्रक्शन साइट मुख्य इलाके से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है, इसलिए मजदूर गाड़ियों में तेल डालने के लिए डीजल को बड़े-बड़े ड्रमों में भरकर लाते थे। माना जा रहा है कि रिफ्यूलिंग के दौरान मजदूरों से सुरक्षा में कोई चूक हुई होगी और उसी समय निकली एक छोटी सी चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: सिर्फ एक दिन की छुट्टी के लिए स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी! छात्रा की करतूत का दिल्ली पुलिस ने किया खुलासा
देखते ही देखते और चपेट में आईं गाड़ियां
शुरुआत में आग पिकअप ट्रक में लगी, लेकिन देखते ही देखते लपटों ने पास खड़े एक डंपर ट्रक और दोपहिया वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि तीनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग लगने के तुरंत बाद एक भीषण धमाका हुआ, जिसके कारण मौके पर मौजूद मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे को लेकर पुलिस क्या बोली?
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक शव जली हुई गाड़ी के अंदर से मिला, जबकि दो शव पास में पड़े पाए गए। पुलिस के अनुसार, पिकअप ट्रक उस ठेकेदार का था जो वहां सड़क निर्माण का काम करा रहा था। फिलहाल पुलिस और राहत टीम मौके पर मौजूद हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
