रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी अपनी दो दिवसीय आध्यात्मिक यात्रा पर भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी मथुरा-वृंदावन पहुंचे हैं। ब्रजभूमि पहुंचते ही वे पूरी तरह कृष्ण भक्ति के रंग में रंगे नजर आए और उन्होंने प्रसिद्ध गोवर्धन परिक्रमा पूरी की। उनके आगमन की खबर मिलते ही गोवर्धन और परिक्रमा मार्ग पर स्थानीय लोगों तथा श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय प्रशासन ने मंदिर परिसरों और परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।
गोवर्धन परिक्रमा के लिए मथुरा पहुंचे अनंत अंबानी
" गिरिराज पर्वत वैष्णवों के लिए परम पवित्र": अनंत अंबानी
पवित्र गोवर्धन परिक्रमा पूरी करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अनंत अंबानी ने कहा कि मैं वर्तमान में गिरिराज पर्वत की परिक्रमा कर रहा हूं। मेरे दादा-दादी, माता-पिता और वास्तव में सभी वैष्णवों व हिंदू समाज के लिए माउंट गिरिराज एक अत्यंत पवित्र भूमि है। यह श्रीनाथजी का जन्मस्थान है; यही वह पावन स्थान है जहां श्री कृष्ण ने अपनी उंगलियों पर सात दिनों तक पर्वत धारण किया था। यहां आकर परिक्रमा करने और अपने दिल को श्री कृष्ण से जोड़ने की मेरी लंबे समय से गहरी इच्छा थी। मैं पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ यहां आया हूं।
जतीपुरा मुखारविंद मंदिर में किए दर्शन, मदन मोहन जी मंदिर में लिया आशीर्वाद
अनंत अंबानी आगरा से गोवर्धन पहुंचे, जहां सबसे पहले वे गंगाधाम आश्रम गए। वहां नाथद्वारा के तिलकायत गोस्वामी विशाल बाबा ने उनका स्वागत किया। आश्रम में कुछ समय बिताने के बाद वे विशाल बाबा के सानिध्य में पैदल ही जतीपुरा स्थित प्रसिद्ध गोवर्धन गिरिराज मुखारविंद मंदिर पहुंचे। मंदिर में उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ गिरिराज महाराज के दर्शन और पूजन किए। उन्होंने प्रभु के दरबार में विविध भोग समर्पित किए और गिरिराज महाराज की दिव्य शृंगार आरती में शामिल होकर भक्तिभाव से शीश नवाया। इसके उपरांत वे मदन मोहन जी मंदिर पहुंचे, जहां दर्शन-पूजन के बाद मंदिर के सेवायत ने उन्हें विशेष आशीर्वाद देकर उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की। मंदिर परिसर में उनकी सादगी और गहरी श्रद्धा ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
आज वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में करेंगे विशेष पूजा
दो दिवसीय ब्रज भ्रमण के तहत अनंत अंबानी वृंदावन स्थित विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी जी मंदिर पहुंचेंगे। वहां वे बांके बिहारी जी महाराज के दर्शन करेंगे और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लेंगे। बिहारीजी मंदिर में दर्शन-पूजन संपन्न होने और ब्रज यात्रा पूरी करने के बाद वे अपनी आगे की यात्रा के लिए आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को देखते हुए वृंदावन के मंदिर क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है।
