Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में आज सुबह बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इन बदमाशों ने एक युवक पर तलवार से हमला किया था, जिसके बाद से ही पुलिस इनकी तलाश कर रही थी। आज गजरौला थाना पुलिस ने इन दोनों बदमाशों को तिगरी गांव के पास देखा, जहां से ये बदमाश दिल्ली भागने की कोशिश कर रहे थे। जब पुलिस ने दोनों भाइयों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया और दूसरे बदमाश को पीछा करके पकड़ लिया गया। पुलिस ने घायल बदमाश को सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया है। गिरफ्तार हुए दोनों बदमाश सलमान और शाहनवाज फिरोज हैं।
मुठभेड़ के बाद दो बदमाश अरेस्ट (सांकेतिक फोटो)
महिलाओं को छेड़ रहे थे आरोपी
मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के डिंगरा गांव में बुधवार शाम को दोनों बदमाश वहां से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ कर रहे थे। जब नौ सिंह नाम के व्यक्ति ने छेड़छाड़ का विरोध किया, तो इन बदमाशों ने तलवार से उसकी गर्दन पर वार कर दिया और वहां से फरार हो गए। वहीं घायल नौ सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद से ही दोनों बदमाशों की तलाश की जा रही थी। इस घटना के कारण हिंदूवादी संगठन में भी रोष फैल गया, जिसके बाद कई हिंदू वादी नेताओं ने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
आरोपियों के पास मिले तमंचा-कारतूस
पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाश दिल्ली भागने की फिराक में थे, इसी कारण वे आज सुबह जंगल के रास्ते पैदल जा रहे थे, जब इन्हें तिगरी गांव के पास पुलिस ने देखा तो इन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन बदमाश पुलिस पर फायरिंग शुरू करके वहां से भागने लगे, जिसपर पुलिस ने उनपर जवाबी फायरिंग की। जिसमें सलमान के सीधे पैर में गोली लग गई और वो घायल हो गया। जिसके बाद दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को बदमाशों के पास से एक तमंचा और एक कारतूस भी मिला है।
