बच्चों की किलकारी के बीच NICU में धधकी आग, अमरावती में तीन नवजातों की मौत से पसरा मातम; CM फडणवीस ने दिए हाई लेवल जांच के आदेश

महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल की NICU में सोमवार तड़के लगी भीषण आग ने तीन नवजातों की जान ले ली। हादसे के बाद 36 नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि घटना ने अस्पताल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की हाई लेवल जांच के आदेश देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Amravati Hospital Fire: महाराष्ट्र के अमरावती में जिला महिला अस्पताल की नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई, जिसके बाद राज्य सरकार ने मामले की हाई लेवल जांच के आदेश दिए। अधिकारियों ने बताया कि आग तड़के करीब 3:15 बजे एनआईसीयू में उस जगह लगी, जहां समय से पहले जन्मे, कम वजन वाले और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को रखा गया था। उन्होंने कहा कि धुएं से भरे इस हिस्से से 36 अन्य नवजात शिशुओं को बचा लिया गया।

Amravati Hospital Fire

इसी NICU में लगी थी भीषण आग (फोटो- PTI)

सात सदस्यीय जांच समिति के गठन का ऐलान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दिल दहला देने वाली घटना पर गहरा दुख जताया और आग लगने के कारणों तथा प्रशासन की लापरवाही का पता लगाने के लिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, स्वास्थ्य प्रशासन को हाई लेवल जांच करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाशराव अबितकर और स्वास्थ्य सचिव को स्थिति की समीक्षा के लिए तुरंत पूर्वी महाराष्ट्र के अमरावती जाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि घायल बच्चों का इलाज सरकारी खर्च पर किया जाए। उन्होंने प्रत्येक मृत नवजात के परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश अबिटकर ने जांच के लिए सात सदस्यीय समिति गठित करने की सोमवार शाम घोषणा की।

End of Feed