Afzal Ansari Arrest Stay: प्रयागराज से बड़ी खबर सामने आई है। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सपा सांसद अफजाल अंसारी को राहत प्रदान की है। चुनाव आचार संहिता उल्लंघन से जुड़े एक मामले में कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है। हाईकोर्ट ने साफ तौर से कहा है कि अगले आदेश तक अफजाल अंसारी की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी। इस मामले की अगली सुनवाई अब 13 मई को निर्धारित की गई है।
अफजाल अंसारी (फाइल फोटो: ANI)
कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी
यह मामला वर्ष 2009 का है, जिसमें अफजाल अंसारी के खिलाफ मोहम्मदाबाद थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। उन पर धारा 171F और 188 के तहत आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि चुनाव प्रचार का समय समाप्त होने के बाद भी उन्होंने बैठक आयोजित की थी। पुलिस जांच के बाद इस मामले में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई थी। ट्रायल कोर्ट ने चार्जशीट का संज्ञान लेते हुए अफजाल अंसारी को समन जारी किया था। इसके बाद अफजाल अंसारी ने ट्रायल कोर्ट की पूरी कार्यवाही को हाईकोर्ट में चुनौती दी, जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने उन्हें अंतरिम राहत दी है।
अफजाल अंसारी का राजनीतिक सफर
बता दें कि अफजाल अंसारी का राजनीतिक सफर काफी लंबा रहा है। वह अब तक तीन बार लोकसभा सांसद चुने जा चुके हैं और वर्तमान में गाजीपुर सीट से सांसद हैं। उन्होंने साल 2004 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर पहली बार लोकसभा चुनाव जीतकर संसद में कदम रखा था। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में भाजपा नेता मनोज सिन्हा को हराकर जीत हासिल की। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के टिकट पर गाजीपुर सीट से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। सांसद बनने से पहले अफजाल अंसारी पांच बार विधायक भी रह चुके हैं। इनके भाइयों के नाम मुख्तार अंसारी (दिवंगत, छोटे भाई) और सिबगतुल्लाह अंसारी (बड़े भाई) हैं।
