समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान वह अपने परिवार व अपनी पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव के साथ राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। इस दौरान दोनों रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे और संत-महंतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेंगे। इस प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। अखिलेश के दौरे को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने तंज कसा है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव (फोटो-@yadavakhilesh)
क्या बोले राजभर
ओपी राजभर ने 'एक्स' पर लिखा है कि अखिलेश जी, सुना है आप अयोध्या जा रहे हैं? क्या अब महसूस हो रहा है कि चुनाव बेहद क़रीब आ गया है? चलिए देर से सही लेकिन सद्बुद्धि तो आई। अब लगे हाथ मथुरा और काशी की तारीख़ों की भी घोषणा कर दीजिए।
दरअसल, अखिलेश यादव ने अपने पिछले अयोध्या दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री और अयोध्या विधायक पवन पांडेय से दर्शन के लिए तारीख तय करने को कहा था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि तारीख तय होते ही वह अयोध्या आकर दर्शन करेंगे।
पवन पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 दिसंबर, शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का अयोध्या आगमन होगा। सबसे पहले वह हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद राम मंदिर में प्रभु श्रीराम और माता जानकी का आशीर्वाद लेंगे।
इस दौरान अखिलेश यादव संत-महंतों से मुलाकात करेंगे और प्रसाद भी ग्रहण करेंगे। समाजवादी पार्टी की ओर से उनके अयोध्या आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारी की जाएगी।
