उत्तर प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडरों के लिए लगी लंबी कतारों और आपूर्ति में आ रही बाधाओं ने विपक्षी दलों को सरकार को घेरने का बड़ा मौका दे दिया है। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने गैस किल्लत को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए एलपीजी (LPG) का नया अर्थ 'लापता गैस' बताया और कहा कि जनता की इस परेशानी के लिए सीधे तौर पर सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।
अखिलेश ने सरकार को घेरा (फाइल फोटो | PTI)
डबल इंजन सरकार पर बोला हमला
अखिलेश यादव ने लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज पूरे प्रदेश में सिलेंडर के लिए हाहाकार मचा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र और राज्य दोनों जगह 'डबल इंजन' की सरकार है, तो फिर आम आदमी को घंटों लाइन में क्यों लगना पड़ रहा है? उन्होंने कहा, "LPG- लापता गैस, इसी की वजह से आज सिलेंडर नहीं है। इसी की वजह से KGMU में संकट आ रहा है या और जगह संकट आ रहा है... यह तो सरकार की जिम्मेदारी बनती है और यहां तो डबल इंजन सरकार है। डबल इंजन सरकार की जिम्मेदारी क्या बनती है? क्या हर एक को लाइन में लगा दें?... सबसे ज्यादा अफवाह मुख्यमंत्री फैला रहे हैं। अगर गैस है तो आप दीजिए... अगर स्टॉक भरा है तो लोग लाइन में क्यों लगे हैं?"
KGMU और अस्पतालों में संकट का जिक्र
सपा प्रमुख ने इस किल्लत के सामाजिक और स्वास्थ्य प्रभावों पर भी चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि गैस की कमी की वजह से किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) जैसे बड़े चिकित्सा संस्थानों में भी संकट के हालात पैदा हो रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि कमर्शियल और घरेलू सिलेंडरों के रिफिलिंग नियमों में किए गए बदलावों ने स्थिति को और पेचीदा बना दिया है। उनके अनुसार, सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर उसने इतने कड़े नियम क्यों बनाए कि लोग अपनी जरूरत के लिए भी भटक रहे हैं।
गोरखपुर में लंबी कतारों पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर का जिक्र करते हुए कहा कि वहां से भी लंबी लाइनों की तस्वीरें आ रही हैं। उन्होंने तंज कसा, "मुख्यमंत्री अभी कुछ दिन पहले ही गोरखपुर होकर आए हैं, क्या उन्होंने वहां इस समस्या की समीक्षा की थी? सरकार अगर सच छिपाएगी, तो इससे जनता का ही नुकसान होगा।" उन्होंने मुख्यमंत्री पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर सरकार के पास आपूर्ति पर्याप्त है, तो वह उसे तुरंत जनता तक पहुंचाए।
'लापता गैस' की नई परिभाषा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता के बीच अब LPG का मतलब 'लापता गैस' बन गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए और कालाबाजारी पर रोक लगाने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करे कि आम आदमी को उसकी रसोई के लिए संघर्ष न करना पड़े। अखिलेश का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पूरे उत्तर भारत में गैस वितरण प्रणाली में बदलाव और वैश्विक स्थितियों के कारण सिलेंडरों की किल्लत देखी जा रही है।
