'इंडिया गठबंधन नहीं... मुस्लिम वोटों को लूटने वाला गिरोह', ओवैसी की पार्टी का सपा-कांग्रेस पर बड़ा हमला

UP Elections 2027: एआईएमआईएम के यूपी प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने इंडिया गठबंधन पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि यह कोई गठबंधन नहीं है, बल्कि मुस्लिम वोटों को लूटने वाला एक गिरोह है। शौकत अली ने समाजवादी पार्टी और आजम खान को लेकर भी बड़ी बात कही।

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों सियासी पारा चढ़ा हुआ है। एआईएमआईएम के यूपी प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने इंडिया गठबंधन पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन कोई गठबंधन नहीं है, बल्कि मुस्लिम वोटों को लूटने वाला एक गिरोह है। शौकत अली ने 26 नवंबर को एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी की होने वाली सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रैली को लेकर कहा कि यह एक संयुक्त रैली है, जिसमें उनकी पार्टी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) शामिल है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्यक्रम में 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे। लखनऊ में होने वाली यह रैली यूपी की राजनीति में नया समीकरण बनाने जा रही है।

Owasi

ओवैसी की पार्टी का सपा-कांग्रेस पर हमला (फोटो साभार- PTI)

यूपी AIMIM चीफ ने इंडिया गंठबंधन पर बोला हमला

शौकत अली ने समाजवादी पार्टी और आजम खान को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि आजम खान 80 साल के हो गए हैं और अब बुजुर्ग हो चुके हैं, उन्हें राजनीति से रिटायर हो जाना चाहिए और नई पीढ़ी को मौका देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई यह सोचता है कि आजम खान की वजह से मुस्लिम वोट समाजवादी पार्टी की तरफ जाएंगे, तो उसकी सोच गलत है। उन्होंने खुलासा किया कि जब आजम खान सीतापुर जेल में बंद थे, तो उनके एक करीबी यूसुफ मलिक उन्हें लगातार फोन करते थे और कहते थे कि खान साहब ओवैसी साहब से मिलना चाहते हैं। शौकत अली ने कहा कि तब मुझे पता था कि समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव आजम खान को नजरअंदाज कर रहे हैं, इसलिए वे दबाव बनाने के लिए ऐसी बातें कह रहे थे।

चंद्रशेखर आजाद ने भी कसा तंज

वहीं, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी सपा-कांग्रेस के सीट बंटवारे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब हमारे मोर्चे की घोषणा हुई थी, तो हम पर सवालों की बौछार की गई थी। अब जब उनके अपने गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर दिक्कत आ रही है, तो देखिए कैसे वे एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अगर उन्हें अपने गठबंधन में हिस्सेदारी नहीं मिली, तो वे अलग से चुनाव भी लड़ सकते हैं। फिर भी जब कोई नई राजनीतिक पार्टी सड़कों पर अपने लोगों के हक के लिए लड़ रही है, लाठी खा रही है, मुकदमे झेल रही है, जेल जा रही है और मजबूत लड़ाई लड़ रही है, तो ये लोग उस पर आरोप लगाते हैं और आलोचना करते हैं।

End Article
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखत...

End of Feed