Ahmedabad की चॉकलेट फैक्ट्री में भीषण आग, बुझाने में लग गया 1 लाख लीटर पानी, MP का युवक जली हुई हालत में मिला

अहमदाबाद जिले के बावला-अहमदाबाद रोड पर स्थित लीमैक चॉकलेट कंपनी में भीषण आग लग गई। 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जहां MP के एक युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ है।

गुजरात के अहमदाबाद जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। बावला-अहमदाबाद मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध 'लीमैक' कंपनी के चॉकलेट विनिर्माण प्लांट में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की विकराल लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे परिसर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग बुझाने के अभियान के दौरान दमकल विभाग की टीम को इमारत के भीतर मध्य प्रदेश के रहने वाले एक युवा कर्मचारी का झुलसा हुआ शव मिला है।

ahmedabad chocolate factory fire (1)

चॉकलेट फैक्ट्री में लगी आग

चॉकलेट प्रोडक्शन वाली तीसरी मंजिल से भड़की आग

अहमदाबाद के प्रह्लादनगर फायर स्टेशन के अधिकारी मनुभाई सोलंकी के अनुसार आग प्लांट की तीसरी मंजिल पर लगी थी, जहां मुख्य रूप से चॉकलेट बनाने का काम चल रहा था। तीसरी मंजिल और छत पर बड़ी मात्रा में पैकिंग के लिए गत्ते और पैकेजिंग सामग्री रखी हुई थी। गत्तों ने तुरंत आग पकड़ ली, जिससे लपटें तेजी से पूरी इमारत में फैल गईं। साणंद, बावला और अहमदाबाद के फायर स्टेशन से 4 गाड़ियां की टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। दमकल की दर्जनों टीमों ने करीब 3 घंटे तक चले मैराथन अभियान में लगभग 1 लाख लीटर पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया, जिसके बाद कूलिंग प्रक्रिया शुरू की गई।

End of Feed