Agra G-20 Summit: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कि गए, लेकिन नदी के हालात में कोई बदलाव नहीं आया। जी-20 देशों की बैठक और विदेशी मेहमानों के भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए अधिकारी अब रामबाग से लेकर ताजमहल तक यमुना की दशा सुधारने में लगे हैं। आगरा शहर की ब्रांडिंग को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। नगर निगम ने ताजमहल पूर्वी गेट नाले के साथ अब मंटोला नाले पर कर्मचारियों को उतार दिया है। प्रदूषण से कराह रही कालिंदी को विदेशी मेहमानों का आगमन से राहत मिलेगी। आपको बता दें कि यमुना नदी का जल स्तर भी काफी कम है। नदी के किनारों पर गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। रामबाग से लेकर ताजमहल तक नदी के दोनों किनारों पर पॉलिथीन, कचरा और मलबे के ढेर दिखाई देते हैं।
आगरा में यमुना नदी को चमकाया जाएगा (फाइल फोटो)
उधर, नगर निगम ने वहां ताजमहल के पास पूर्वी गेट नाले की सफाई कराने के साथ-साथ नाले को कवर करने के लिए जी-20 के होर्डिंग लगा दिए हैं। आगरा किला पर नाले को टेप कर दिया है। अब मंटोला नाले पर कार्य किया जा रहा है। इस नाले का पानी कॉरिडोर स्थल से शमशान घाट तक यमुना में पहुंचता है।
