Taj Mahal And Agra Fort Close: मोहब्बत की नगरी में ताज का दीदार करने के लिए आने वाले सैलानियों के लिए जरूरी खबर है। ताजमहल तीन दिन बंद रहेगा, जबकि आगरा किला दो दिन के लिए बंद रहेगा। दरअसल, जी-20 देशों से आ रहे मेहमान ताजमहल और आगरा किला को निहारेंगे। मेहमानों के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर ताजमहल तीन दिन और आगरा किला दो दिन आम सैलानियों के लिए बंद रखने की अधिसूचना जारी की गई है। ताजमहल की साप्ताहिक बंदी शुक्रवार को होती है। इस वजह से ताजमहल तीन दिन बंद रहेगा। पहले ताजमहल और आगरा किला को सिर्फ 12 फरवरी को बंद रखने की अधिसूचना जारी की गई थी, लेकिन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय ने मेहमानों के भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए इसमें परिवर्तन कर दिया है। अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने नया आदेश जारी कर दिया है।
आम पर्यटकों की तीन दिन ताजमहल और दो दिन आगरा किला में नोएंट्री
नए आदेश के मुताबिक, जी 20 देशों के प्रतिनिधिमंडल के भ्रमण कार्यक्रम की वजह से ताजमहल और आगरा किला 11 और 12 फरवरी को आम सैलानियों के लिए बंद रहेगा। ताजमहल शुक्रवार को बंद रहता ही है। इसलिए ताजमहल 10 फरवरी को भी बंद रहेगा। उन्होंने कहा कि आम सैलानियों को दिक्कत न हो, इसलिए वेबसाइट पर यह सूचना डाल दी गई है, जिससे पर्यटक इन दिनों टिकट न बुक कराएं।
