आगरा

CCTV में कैद बच्चा चोर, मां को बातों में उलझाया; फिर 8 महीने के बच्चे को चुराकर हुआ फरार

मथुरा रेलवे स्टेशन पर बच्चे की मां को बातों में उलझाकर चोर बच्चा चुराकर भाग निकले। चोरों ने बच्चे को उठाया और बच्चा लेकर फरार हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है-

Image

मथुरा में 8 महीने के बच्चे की चोरी कर हुआ फरार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mathura News: मथुरा जंक्शन से हाल ही एक खबर सामने आई है, जहां बच्चा चोर एक 8 महीने के बच्चे को चुरा ले गए। शातिर बच्चा चोरों ने पहले बच्चे की मां को बातों में उलझाया और फिर मौका मिलते ही बच्चा चुराकर भाग निकले। चोरों ने बच्चे को उठाया और बच्चा लेकर फरार हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आगरा के थाना अछनेरा क्षेत्र स्थित बीज गोदाम की रहने वाली महिला सुनीता शर्मा मथुरा जंक्शन पर रहकर भिक्षावृति करती हैं। सुनीता अपने 8 माह के बेटे शिवा उर्फ लोकेश के साथ 13 सितंबर को प्लेटफॉर्म संख्या 9/10 पर रुक गईं। इसी प्लेटफार्म पर सुनीता बेटे के साथ सो गई।

मां को बातों में उलझाकर बच्चे की चोरी

शनिवार की सुबह करीब 6 बजे सुनीता जागी तो उसने बच्चे को दूध पिलाने के लिए जगाया। इसके बाद वह गर्म दूध को ठंडा करने लगी। इसी दौरान एक व्यक्ति आया और कहा कि बच्चे को ठंडा दूध मत पिलाओ। इसके बाद बातों में महिला को लगाकर वह बच्चे को और दूध की बोतल को लेकर चला गया। करीब एक घंटे तक जब अज्ञात व्यक्ति बच्चे को वापस ले कर नहीं आया तो मां सुनीता घबरा गई। उसने बच्चे को तलाशा लेकिन जब नहीं मिला तो इसकी सूचना GRP थाना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने पहले तो टालमटोल किया। लेकिन जब सुनीता ने ज्यादा कहा तो फिर उसकी तलाश शुरू की।

सीसीटीवी में कैद घटना

प्लेटफॉर्म संख्या 9/10 से बच्चे को चोरी कर अज्ञात व्यक्ति मथुरा जंक्शन की 3rd एंट्री से बाहर निकला। इसका एक CCTV वीडियो भी सामने आया है। जिसमें सुबह 6 बजकर 33 मिनट पर सफेद टी शर्ट पहने एक व्यक्ति बच्चे को अपनी गोद में ले जाता हुआ दिख रहा है।

पुलिस खंगाल रही cctv फुटेज

GRP थाना पुलिस ने इस मामले को दबाकर रखा। लेकिन रविवार को जब इसका CCTV वीडियो सामने आया तो आनन फानन में मुकद्दमा दर्ज कर लिया। धारा 137(2) में पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। रेलवे पुलिस अब स्टेशन से बाहर जाने वाले सभी CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।

दो साल पहले भी चोरी हुआ था बच्चा

25 अगस्त 2022 को मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 8 से 7 महीने के बच्चे को एक व्यक्ति उस समय उठा ले गया जब वह अपनी मां के पास सोया हुआ था। इस मामले का खुलासा करते हुए रेलवे पुलिस ने पुलिस ने हाथरस के डॉक्टर दंपत्ति के साथ साथ बच्चा खरीदने वाले फिरोजाबाद की पार्षद को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद किया था। 2 साल बाद एक बार फिर बच्चा चोरी होने के इस मामले के सामने आने के बाद स्टेशन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article