IRCTC Tour Package: इंडियन रेलवे केटरिंग एण्ड टूरिज्म कार्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने अपने यात्रियों के लिए एक शानदार टूर पैकेज लान्च किया है। इस पैकेज में आप काशी से लेकर पुरी तक कई धार्मिक स्थानों का दौरा कर सकते हैं। दरअसल, पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए आईआरसीटीसी लगातार देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित पर्यटन स्थलों के साथ-साथ धार्मिक स्थलों के भी भ्रमण के लिए टूर पैकेज लॉन्च करता रहता है। अब आईआरसीटीसी भारत गौरव विशेष ट्रेन से पुरी-गंगा सागर यात्रा का फाल्गुन महीने में संचालन करने वाला है। जालंधर से शुरू होने वाला नौ रात और 10 दिनों का यह टूर पैकेज 16 फरवरी से 25 फरवरी तक रहेगा। इस पैकेज में काशी विश्वनाथ और जगन्नाथ पुरी समेत देश के कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन और भ्रमण कराए जाएंगे। इस टूर पैकेज में खास बात यह है कि यूपी के भी कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को बोर्डिंग प्वाइंट बनाया है, इन स्टेशनों से पर्यटक अपनी यात्रा की शुरुआत कर सकते हैं।
आईआरसीटीसी लाया नया टूर पैकेज
टूर पैकेज के तहत पुरी में जगन्नाथ मंदिर और कोणार्क सूर्य मंदिर, गंगा सागर तीर्थ, बैजनाथ में बैजनाथधाम ज्योर्तिलिंग, कोलकाता में काली माता मंदिर, गया में महाबोधि मंदिर और विष्णुपद मंदिर, वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर एवं कॉरीडोर के दर्शन किए जा सकेंगे।
