आगरा : ताजनगरी में एक दलित की बारात में लोगों के एक समूह ने दूल्हे पर कथित तौर पर बंदूक की बट से वार किया और जाति आधारित टिप्पणी की। पुलिस के अनुसार यह घटना छह मार्च की है जब विशाल की बारात अजीजपुर गांव पहुंची थी। दूल्हे के पिता मुकेश कुमार ने दावा किया कि उन्होंने सात मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन 10 मार्च को प्राथमिकी दर्ज की गई।
(सांकेतिक फोटो)
आंबेडकर की तस्वीरें देख की अभद्रता
बारात के दौरान कार में सवार तीन से चार लोगों ने समारोह में शामिल लोगों से गोली-गलौज करना शुरू कर दिया और अपने वाहन के लिए रास्ता मांगने लगे। विशाल के पिता मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि डॉ. बी.आर. आंबेडकर और गौतम बुद्ध की तस्वीरें देखने पर वे कथित तौर पर आक्रामक हो गए और तस्वीरों के शीशे तोड़ दिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने विशाल के सिर पर बंदूक की बट से वार दिया। कुमार ने कहा कि आरोपियों ने जाति आधारित अपशब्द कहे और शादी में बाधा डालने की धमकी दी। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) देवेश ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी 10 मार्च को दी गई।
शिकायत के आधार पर विष्णु शर्मा और उनके बेटे के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता ने बाद में पुलिस से संपर्क किया इस वजह से प्राथमिकी दर्ज करने में देरी हुई। उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है।
