आगरा

मानव शर्मा आत्महत्या मामले में 500 पेज की चार्जशीट दाखिल, निकिता के दोनों बॉयफ्रेंड के बयान भी दर्ज

TCS मैनेजर मानव शर्मा आत्महत्या कांड ने समाज को हिलाकर रख दिया था। आत्महत्या से पहले उन्होंने करीब 7 मिनट का एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें अपनी पत्नी निकिता पर अवैध संबंधों, प्रताड़ना और झूठे केस में फंसाने की धमकी का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने 500 पेज की चार्जशीट दाखिल की है।

Image

मानव शर्मा सुसाइड केस में चार्जशीट दाखिल

Photo : Times Now Digital

आगरा के TCS मैनेजर मानव शर्मा के आत्महत्या मामले में पुलिस ने कोर्ट में 500 पेज की विस्तृत चार्जशीट पेश की है। ज्ञात हो कि मानव शर्मा ने 24 फरवरी 2025 को अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी। आत्महत्या से पहले मानव ने 6 मिनट 57 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी निकिता शर्मा पर अवैध संबंधों, प्रताड़ना और झूठे मुकदमों की धमकियों का आरोप लगाया था।

मानव का यह वीडियो उनकी बहन आकांक्षा को मिला, जिसके बाद परिवार ने मानव की पत्नी निकिता और उनके परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया। निकिता ने भी दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए, जिनमें उन्होंने मानव पर शराब पीकर मारपीट करने और आत्महत्या के प्रयास करने का आरोप लगाया। निकिता ने अपनी गलतियां भी स्वीकार कीं और अपने मामा पर गंभीर आरोप लगाए।

पुलिस की 500 पेज की चार्जशीट में निकिता के दोनों एक्स-बॉयफ्रेंड अभिषेक जैन और मोहित शर्मा के बयान शामिल हैं, जिनमें उनके निकिता के साथ संबंधों का खुलासा हुआ है। मोहित की पत्नी ने भी मानव को निकिता और मोहित के अवैध संबंधों की जानकारी दी थी, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ा।

निकिता और उनके पिता की गिरफ्तारी 39 दिन बाद अहमदाबाद से हुई थी, जबकि उनकी मां और बहन पहले ही गिरफ्तार हो चुकी थीं। चार्जशीट में 17 गवाहों के बयान, डिजिटल साक्ष्य जैसे WhatsApp चैट, CCTV फुटेज और इंस्टाग्राम मैसेज शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि निकिता और उनके परिवार ने मानव को धमकी दी थी, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गए।

बता दें कि मानव और निकिता की शादी 30 जनवरी 2024 को हुई थी, लेकिन रिश्तों में तनाव के कारण वे फरवरी 2025 में आगरा लौट आए। मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 108 के तहत दर्ज है, जिसमें अधिकतम 10 साल की सजा हो सकती है। निकिता और उनके परिवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!