पटना

7 लाख की लूट और दो भाईयों को गोली मारकर भाग रहे लुटेरों को भीड़ ने धर दबोचा, पीट-पीटकर हत्या

समस्तीपुर में बदमाशों ने पहले एक दुकान से 7 लाख रुपये लूटे और वहां मौजूद ग्राहकों से मारपीट भी की। इसके बाद वह दो लोगों को गोली मारकर भागने लगे तो जनता ने चार में से दो बदमाशों को पकड़ लिया और पीट-पीटकर मार डाला।

Image

लूट के बाद भाग रहे बदमाशों को जनता ने पीट-पीटकर मार डाला

Photo : Times Now Digital

बिहार के समस्तीपुर में रविवार शाम एक लूट की घटना हुई। इसके बाद जब बदमाश दो लोगों को गोली मारकर भाग रहे थे तो लोगों ने दो बदमाशों को धर दबोचा और पीट-पीटकर उन्हें मार डाला। घटना में एक तरफ जनता ने एकजुटता दिखाकर बदमाशों को पकड़ने की जबरदस्त हिम्मत दिखाई तो दूसरी तरफ उनकी हत्या करके कानून भी हाथ में ले लिया।

मामला जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के सरदारगंज में केवटा रोड स्थित आनंद किराना स्टोर की है। यहां रविवार देर शाम एक गंभीर लूटकांड हुआ। चार बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल के बल पर दुकान से लगभग सात लाख रुपये की नकदी लूट ली। इस दौरान दुकान में मौजूद ग्राहकों से भी मारपीट की गई। भागते समय लुटेरों ने दो सगे भाइयों, अभिषेक आनंद (48) और अनुराग आनंद (45) को गोली मार दी।

अभिषेक की छाती में और अनुराग की जांघ में गोली लगी। घायल भाइयों को पहले सब-डिवीजनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। लूट के बाद भागते समय भीड़ ने दो लुटेरों को पकड़ लिया और पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

मृतकों की पहचान नहीं हो सकी और उनके पास से कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला है। दो अन्य लुटेरे लूट की रकम लेकर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली और कुछ खोखे बरामद किए हैं। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव पैदा हो गया और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है। एसपी अशोक मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृत बदमाशों की पहचान या घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस जांच कर रही है और मृतकों की फोटो आसपास के थानों, जिलों और सोशल मीडिया पर साझा की गई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!