Aircraft Crash In Aligarh: अलीगढ़ में रविवार को एक एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। मामला धनीपुर एयरपोर्ट का है, जहां रविवार दोपहर लगभग 3 बजे पायनियर फ्लाइंग क्लब का एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि एयरक्राफ्ट में आग नहीं लगी और पायलट को भी कुछ नहीं हुआ। ट्रेनिंग के दौरान लैंडिग के समय यह हादसा हुआ।
ऐसे हुआ हादसा
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में धनीपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्तल हो गया। पायलट जब एयरक्राफ्ट की लैंडिंग करा रहा था। तब एयरक्राफ्ट असंतुलित हो गया और हवाई पट्टी से उतर गया। जिसके बाद विमान एयरपोर्ट की दीवार से टकरा गया। इस दुर्घटना में एयरक्राफ्ट पूरी तरह छतिग्रस्त हो गया है।
रविवार को धनीपुर एयरपोर्ट पर ट्रेनी पायलटों को पॉयनियर फ्लाइंग क्लब एयरक्राफ्ट उड़ाने की ट्रेनिंग दे रहा था। पॉयनियर फ्लाइंग क्लब के ट्रेनी पायलट पर्व जैन ट्रेनी एयरक्राफ्ट डायमंड 40 उड़ा रहे थे। पायलट के पास 30-40 घंटे एयरक्राफ्ट उड़ाने का अनुभव था। जब लैंडिंग कराने की बारी आई तो विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह एयरपोर्ट की बाउंड्री से टकरा गया। दीवार से टकराने के बाद विमान करीब 200 मीटर तक रगड़ खाता रहा, जिससे एयरक्राफ्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस विमान हादसे में ट्रेनी पायलट पूरी तरह सुरक्षित है, उसे केवल मामूली चोटें आई हैं।
DGCA करेगी मामले की जांच
हादसे के बाद तुरंत एयरपोर्ट स्टाफ और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ने स्थानीय प्रशासन को सूचना दी। सिटी मजिस्ट्रेट और एयरपोर्ट प्रभारी रमाशंकर ने मौके का निरिक्षण किया और बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। ट्रेनी पायलट पूरी तरह सुरक्षित है और अब मामले की जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम करेगी।
