उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। पूरे विवाद में ग्राहक लहूलुहान हो गया। उसके एक हाथ का आधा अंगूठा अलग हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान संचालक और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, पुरानी ईदगाह कालोनी स्थित पैंगोरिया चश्मे वाले की दुकान पर रविवार को ग्राहक से मारपीट की घटना हुई। ग्राहक ने रकाबगंज थाने में केस दर्ज कराया है। आरोप है कि, चश्मे वाले दुकानदार के एक साथी ने अंगूठा चबा लिया। जिससे आधा अंगूठा अलग हो गया।
आगरा में सौ रुपए के विवाद में ग्राहक का अंगूठा चबाया
पीएनटी कॉलोनी में रहने वाले पीड़ित ने रकाबगंज थाने में मुकदमा लिखाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि, वह अपनी पत्नी के साथ पैंगोरिया चश्मे वाले की दुकान पर पहुंचे थे। उन्हें अपना चश्मा बनवाना था। उन्होंने दुकानदार से पहले नंबर की भी जांच करने के लिए कहा।
नंबर जांच के रुपयों को लेकर हुआ विवाद
इस पर दुकानदार ने मशीन से नंबर की जांच की। जांच के बाद दुकानदार ने पीड़ित ग्राहक से 100 रुपये मांगे। पीड़ित ने इसका विरोध किया। पीड़ित ने दुकानदार से कहा कि, नंबर जांच के रुपये किसी भी दुकान पर नहीं लगते हैं। इस पर दुकानदार ने पीड़ित का चश्मा रख लिया। इसके बाद विवाद बढ़ता चला गया। पीड़ित आरोप है कि, दुकानदार ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। दुकान पर पहले से ही दुकानदार के दो साथी मौजूद थे। उन्होंने भी पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान एक हमलावर ने उनके बाएं हाथ का अंगूठा दांत से चबा लिया। इससे उनका आधा अंगूठा अलग हो गया। इससे खून बहने लगा।
ग्राहक ने पत्नी के साथ अभद्रता का लगाया आरोप
पीड़ित ग्राहक ने आरोप लगाया कि, पत्नी ने उन्हें बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी अभद्रता की गई। रकाबगंज के थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि, तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा गया है। जांच में पुष्टि हुई है कि मारपीट हुई थी। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई करेगी। जिन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, उनमें सात साल से कम सजा का प्रावधान है। इसलिए आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
