Agra Couple Died In Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए प्लेन क्रैश की दुर्घटना में जहाज में सवार 241 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के एक दंपति की भी जान चली गई। आगरा के अकोला इलाके के रहने वाले नीरज लवानियां और उनकी पत्नी अपर्णा लवानिया लंदन जा रहे थे।
विमान हादसे में आगरा के दंपति की मौत
भाई को किया था फोन
नीरज वडोदरा की फेदर स्काई विलास कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते थे और एक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे उन्होंने अपने भाई सतीश को फोन कर बताया था कि वे टैक्सी से एयरपोर्ट के लिए निकल चुके हैं। उनकी 15 साल की बेटी घर पर नानी के पास थी। इसके बाद से परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। दोपहर को खबर आई कि अहमदाबाद में विमान हादसा हुआ है। खबर ने परिवार को तोड़ दिया। गांव में भी शोक का माहौल बन गया। परिजन लगातार हेल्पलाइन नंबर पर उम्मीद भरे संपर्क करते रहे लेकिन कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है।
घर पर पहुंचे सांसद
फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर भी अकोला में नीरज लवानिया के घर पर पहुंचे। उन्होंने घर पर मौजूद परिजनों से बात की और एयरपोर्ट पर संपर्क करने की कोशिश भी की। नीरज के बड़े भाई सतीश लवानिया अपने परिवार के साथ अकोला में ही रहते हैं। उन्होंने बताया, नीरज अहमदाबाद के वडोदरा क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करते थे। कई साल पहले वह वहीं पर शिफ्ट हो गए थे। वह अपनी पत्नी अपर्णा के साथ लंदन जा रहे थे।
दुर्घटना के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। एयरपोर्ट पर अपनों की तलाश में जुटे परिजनों की हालत बेहद खराब थी। विमान हादसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, जिसमें हादसे की गंभीरता और लोगों में बसा डर साफ दिखाई दे रहा था।
मृतकों की हुई पुष्टि
एअर इंडिया ने इसकी पुष्टि की है कि गुरुवार को लंदन जा रहे उसके विमान के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार 241 लोगों की मौत हो गई है।
विमानन कंपनी ने बृहस्पतिवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत की पुष्टि हो चुकी है। एकमात्र जीवित व्यक्ति भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है और उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
गुजरात के अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान AI-171 गुरुवार को टेक-ऑफ के तुरंत बाद एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे।
