एक महिला पत्रकार से कथित यौन उत्पीड़न मामले में माकपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता बृंदा करात ने दिल्ली पुलिस के ACP विवेक भगत के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर की मांग की है। उन्होंने कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा कि एसीपी के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाए और उसकी गिरफ्तारी हो। करात ने कहा कि यदि शिकायत में संज्ञेय अपराध का आरोप लगाया गया है तो कानून के तहत पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई करनी चाहिए।
महिला पत्रकार से कथित यौन उत्पीड़न पर बोलीं बृंदा करात।
संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के पास दिल्ली पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए वृंदा करात ने टाइम्स नाउ डिजिटल से खास बातचीत में ये मांग की। उन्होंने कहा कि 'एसीपी अपराधी है। उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। शिकायत को क्राइम ब्रांच को स्थानांतरित करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए वृंदा करात ने कहा कि शिकायत को क्राइम ब्रांच को भेजने से पहले स्थानीय स्तर पर FIR क्यों दर्ज नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि अगर किसी महिला की ओर से पुलिस अधिकारी के खिलाफ गंभीर शिकायत दी गई है तो उसे केवल जांच के लिए आगे भेजने के बजाय कानूनी प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए। करात ने प्रदर्शनकारियों से पुलिस की ओर से कथित तौर पर इंतजार करने को कहे जाने पर भी नाराजगी जताई।
जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई थीं। इनमें से एक महिला पत्रकार ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान ACP ने उसके साथ यौन दुर्व्यवहार किया।
महिला पत्रकार के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के दौरान मौके पर पर्याप्त महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं। इसी मुद्दे पर उसने संबंधित ACP से सवाल किया था। शिकायत के अनुसार, इसके बाद अधिकारी ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और उसे पीछे धकेला।
दिल्ली पुलिस ने शिकायतों की पुष्टि की
दिल्ली पुलिस ने तीन महिला पत्रकारों की ओर से शिकायतें मिलने की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ताओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले को निष्पक्ष जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। क्राइम ब्रांच शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज करने के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।
वहीं, आरोपी ACP विवेक भगत से इस मामले में प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। शिकायत में उनका नाम होने की बात भी सामने आई है।
