यूपी में आज का मौसम (14 April 2026): उत्तर प्रदेश में गर्मी ने फिर से जोर पकड़ लिया है। सूरज की तपिश दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है, जिससे प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है। खासतौर पर बुंदेलखंड और दक्षिणी हिस्से में भीषण गर्मी का एहसास होने लगा है। अभी तक पछुआ हवाओं के कारण तेज धूप से कुछ राहत बनी हुई थी, लेकिन आज से ये हवाएं भी कमजोर पड़ जाएंगी। जिसके बाद आगामी 4-5 दिनों में यूपी का औसत तापमान 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। अगर गर्मी इतनी ही तेजी से बढ़ी, तो जल्द ही प्रदेशवासियों को लू के थपेड़े भी झेलने पड़ सकते हैं।
यूपी में 14 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम (Uttar Pradesh Weather Today)
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं भी बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ रहने के कारण धूप भी तेज निकलेगी। जिससे दिन में चिलचिलाती गर्मी परेशान कर सकती है, इससे तापमान में भी इजाफा देकने को मिल सकता है। आगामी 5 दिनों में यूपी में कहीं भी बारिश होने के आसार नहीं हैं। जिसके चलते जल्द ही कई जिलों में 40 डिग्री तक अधिकतम तापमान पहुंच सकता है। ऐसे में गर्मी का प्रभाव और तेज होगा और लू जैसे हालात बनने की आशंका है।
इस बार कम होगी बारिश
मौसम विभाग ने इस बार मानसून में कम बारिश की संभावना जताई है। जिसकी वजह अल नीनो को बताया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस साल प्रशांत महासागर में ला नीना जैसी स्थितियां खत्म होती दिख रही हैं और अल नीनो की ओर मौसम बढ़ रहा है। जिसके कारण जून से सितंबर के बीच बारिश सामान्य से कम होने के आसार हैं, यानी इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून कमजोर रहने के संकेत हैं।
यूपी में बांदा रहा सबसे गर्म
यूपी में सोमवार को सबसे गर्म जिला बांदा रहा, जहां का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद प्रयागराज में 39 डिग्री और वाराणसी में 38.8 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। वहीं सबसे अधिक न्यूनतम तापमान भी बांदा में 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 7 दिनों में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
