गांधीनगर : गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय यानी CMO को ISO 9001:2015 सर्टिफिकेशन प्रदान किया गया है। यह सर्टिफिकेशन अतंरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय के उच्चस्तरीय, गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और जन-केंद्रित व सुचारू कामकाज को प्रमाणित करते हुए दिया गया है।
गुजरात को फिर मिला ISO सर्टिफिकेशन
2009 में मोदी युग से परंपरा जारी
ज्ञात हो कि देश के मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो साल 2009 में गुजरात के मुख्यमंत्री थे, उनके कार्यकाल में तब यह सर्टिफिकेशन मिला था। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य के प्रशासनिक कार्य संस्कृति में गुणात्मक परिवर्तन लाने की प्रतिबद्धता के साथ गुणवत्ता एवं कार्य निष्पादन के उद्देश्य से CMO को ISO बेंचमार्क की क्वालिटी पर रखा था।नरेंद्र मोदी ने राज्य में सुशासन का जो प्रदर्शन किया था, उस ऐतिहासिक प्रदर्शन को गुजरात की प्रशासनिक व्यवस्था ने लगातार बनाए रखा है। साल 2009 से 2023 तक लगातार पांच बार ISO सर्टिफिकेशन प्राप्त करने का गौरव देश के एकमात्र राज्य गुजरात को मिला है। बता दें कि यह ISO सर्टिफिकेशन हर तीन वर्ष में दिया जाता है और गुजरात लगातार 5 बार इसे हासिल कर चुका है और अब छठी बार उसे यह सर्टिफिकेशन मिला है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में राज्य स्तरीय ऑनलाइन जनशिकायत निवारण कार्यक्रम ‘स्वागत’ (स्टेट वाइड अटेंशन ऑन ग्रीवेंसेज बाई एप्लीकेशन ऑफ टेक्नोलॉजी) तथा ISO ऑडिट की परम्परा भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ी है। इस सफलता के चलते CMO को 2024 से 2026 तक की अवधि की छठी साइकिल के लिए भी ISO 9001:2015 प्रमाणन दिया गया है।
टेक्नोक्रेट कंसल्टेंट्स के निदेशक भाविन वोरा और प्रमाणन एजेंसी- ब्यूरो वेरिटास के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को यह प्रमाण पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह ISO 9001:2015 प्रमाणन CMO को सुनिश्चित मानकों के साथ कार्य करने, क्षमता एवं प्रभावकारिता तथा समयबद्ध तरीके से आम जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति के लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रखेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर टीम CMO को बधाई भी दी है।
