राजौरी : जिले में नियंत्रण रेखा के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सेना की रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान एक बारूदी सुरंग (लैंडमाइन) में अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से एक JCO समेत भारतीय सेना के चार जवान घायल हो गए हैं। यह घटना राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर के अंतर्गत आने वाले अग्रिम इलाके कलाल की है। सेना की एक टुकड़ी सीमा पर रूटीन गश्त (पेट्रोलिंग) कर रही थी, तभी अनजाने में एक लैंडमाइन एक्टिवेट हो गई और जोरदार धमाका हुआ।
फाइल फोटो
धमाके की आवाज सुनते ही सीमा पर तैनात अन्य सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इस हादसे में घायल हुए जेसीओ और तीनों जवानों को तुरंत प्राथमिक उपचार देकर सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सैन्य अधिकारियों के अनुसार, यह घटना नौशेरा सेक्टर के कलाल अग्रिम क्षेत्र में उस समय हुई जब सेना की एक टुकड़ी नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान किसी जवान का पैर अनजाने में एक सक्रिय लैंडमाइन पर पड़ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। घायल हुए जवानों में एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) भी शामिल हैं। धमाके की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अन्य सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया।
कैसे हुआ हादसा
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ रोकने के लिए सुरक्षा के लिहाज से लैंडमाइंस बिछाई जाती हैं। हालांकि, अक्सर भारी बारिश और भू-स्खलन के कारण ये बारूदी सुरंगें अपनी निर्धारित जगह से खिसककर या बहकर गश्त वाले रास्तों तक आ जाती हैं। माना जा रहा है कि यह हादसा भी इसी तरह की प्राकृतिक आपदा के चलते अपनी जगह से हटी हुई बारूदी सुरंग के कारण हुआ है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में एहतियातन तलाशी अभियान (सर्च ऑपरेशन) तेज कर दिया है।
