कुरुक्षेत्र में भारी बारिश से ट्रांसफार्मर में उतरा करंट, चपेट आकर दो सगे भाइयों की मौत; IMD ने किया सावधान

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भारी बारिश के कारण ट्रांसफार्मर में उतरे करंट की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।

कुरुक्षेत्र : जिले में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। भारी बारिश के दौरान ट्रांसफॉर्मर से जुड़े बिजली के तार की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में उनका भतीजा गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना शाहबाद क्षेत्र के धंतोरी गांव में हुई। शाहबाद थाना प्रभारी जगदीश तमक ने बताया कि 50 वर्षीय बिंदर राम अपने घर की बालकनी से लोहे की चारपाई हटाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क ट्रांसफॉर्मर से जुड़े एक जीवित (लाइव) बिजली के तार से हो गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा।

Death

(सांकेतिक फोटो-Istock)

बिंदर राम को बचाने के लिए उनके भाई मौके पर पहुंचे, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। इसके बाद दोनों को बचाने की कोशिश कर रहा उनका भतीजा भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल भतीजे का इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि भारी बारिश के कारण ट्रांसफॉर्मर से जुड़े बिजली के तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से यह हादसा हुआ।

End of Feed