8 सितंबर 2025, सोमवार को देशभर में ईद मिलाद-उन-नबी (Eid-e-Milad-un-Nabi) का त्योहार मनाया जाएगा। इस मौके पर मुंबई और कई हिस्सों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। छुट्टी की वजह से निवेशकों के मन में यह सवाल है कि इस दिन शेयर बाजार (NSE और BSE) खुले रहेंगे या बंद रहेंगे।
स्पष्ट कर दें कि शेयर बाजार इस दिन सामान्य रूप से खुले रहेंगे। यानी निवेशक 8 सितंबर को पहले की तरह ही ट्रेडिंग कर सकेंगे। BSE और NSE दोनों एक्सचेंज पर लेनदेन पर कोई रोक नहीं होगी।
शेयर बाजार में नहीं होगा ये काम
हालांकि, इस दिन सेटलमेंट (निपटान) अवकाश रहेगा। इसका मतलब है कि ट्रेडिंग तो होगी लेकिन लेनदेन का निपटान उसी दिन नहीं होगा। बैंक और डिपॉजिटरी जैसे बैकएंड सिस्टम बंद रहने के कारण खरीदे-बेचे गए शेयरों और मुनाफे-नुकसान की एंट्री आपके खाते में उसी दिन नहीं दिखेगी। सेटलमेंट अगले कारोबारी दिन यानी 9 सितंबर 2025 को होगा।
कब होगा सेटेलमेंट
इसलिए निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है। अगर 5 सितंबर या 8 सितंबर को आपने कोई सौदा किया है तो उसका क्लियरेंस और क्रेडिट आपके डिमैट या बैंक अकाउंट में अगले दिन दिखाई देगा।
संक्षेप में, 8 सितंबर को शेयर बाजार खुले रहेंगे लेकिन सेटलमेंट अगले दिन किया जाएगा। इसलिए निवेशकों को केवल लेनदेन की एंट्री में एक दिन की देरी देखने को मिलेगी।
कैसा था बाजार का हाल
पिछले कारोबारी दिन यानी 5 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार में दिनभर उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी तेजी के साथ खुले, लेकिन आईटी, एफएमसीजी और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में दबाव की वजह से बाजार लाल निशान में चला गया। हालांकि, आखिरी घंटों में खरीदारी लौटने से दोनों बेंचमार्क इंडेक्स हरे निशान पर बंद होने में कामयाब रहे।शुक्रवार को सेंसेक्स मामूली 7.25 अंक यानी 0.01% की गिरावट के साथ 80,710.76 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 6.70 अंक या 0.03% की हल्की बढ़त के साथ 24,741.00 पर बंद हुआ। पूरे दिन के कारोबार में 2081 शेयरों में तेजी रही, 1828 शेयर गिरे और 152 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए।
