अब भारतीय यात्री कतर में भी यूपीआई के जरिये भुगतान कर सकेंगे। एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) ने कतर नेशनल बैंक (क्यूएनबी) के साथ मिलकर इस सुविधा की शुरुआत की है। इस पहल के तहत क्यूएनबी से जुड़े दुकानदार और नेटस्टार्स के भुगतान समाधान का इस्तेमाल करने वाली पॉइंट-ऑफ-सेल मशीनों पर यूपीआई क्यूआर कोड से भुगतान किया जा सकेगा। अभी तक संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, सिंगापुर, भूटान, नेपाल, मॉरीशस और श्रीलंका, तथा मलेशिया जैसे देश में यूपीआई का इस्तेमाल हो रहा था। अब कतर भी उसमें शामिल हो गया है।
यूपीआई
कतर नेशनल बैंक के साथ साझेदारी
भारत के डिजिटल पेमेंट सिस्टम को मजबूत बनाने की दिशा में एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनपीआईएल) ने बुधवार को कतर नेशनल बैंक के साथ साझेदारी की घोषणा की। इस साझेदारी के साथ क्यूएनबी से जुड़े व्यापारियों के लिए कतर में सभी पॉइंट-ऑफ सेल (पीओएस) टर्मिनल के जरिए क्यूआर कोड बेस्ड यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) को स्वीकार करने की सुविधा शुरू हो चुकी है।
एनपीसीआई का कहना है कि इस कदम के साथ भारतीय यात्री कतर में प्रमुख पर्यटन स्थलों और कतर ड्यूटी फ्री आउटलेट्स पर यूपीआई का इस्तेमाल कर पेमेंट कर सकेंगे। यह पहला मर्चेंट है, जो यूपीआई पर लाइव हुआ है।
रियल-टाइम ट्रांजैक्शन करने में मदद करेगी
कतर आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों में भारतीय दूसरा सबसे बड़ा समूह हैं। यह साझेदारी उन्हें देश भर में रियल-टाइम ट्रांजैक्शन करने में मदद करेगी। इसके अलावा इससे कतर के रिटेल और पर्यटन क्षेत्र को भी फायदा होगा, क्योंकि यूपीआई पेमेंट स्वीकार करने से क्यूएनबी के ग्राहकों के ट्रांजैक्शन वॉल्यूम में बढ़ोतरी होगी। इस पार्टनरशिप को लेकर एनपीसीआई इंटरनेशनल के एमडी और सीईओ रितेश शुक्ला ने कहा, "हमारा लक्ष्य यूपीआई को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाना और एक ऐसा ग्लोबल पेमेंट नेटवर्क बनाना है, जो सभी के साथ काम कर सके। क्यूएनबी के साथ यह पार्टनरशिप इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"
लाखों भारतीय यात्रियों को फायदा मिलेगा
उन्होंने आगे कहा कि इससे लाखों भारतीय यात्रियों को सुरक्षित और आसान डिजिटल ट्रांजैक्शन में मदद मिलेगी साथ ही, उनकी कैश पर उनकी निर्भरता कम होगी। जैसे-जैसे यूपीआई लोकप्रिय हो रहा है, हम इंटरऑपरेबिलिटी को बढ़ावा देने और यूजर्स को बॉर्डर पार पेमेंट का अनुभव आसान बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
क्यूएनबी के ग्रुप चीफ बिजनेस ऑफिसर, यूसेफ महमूद अल-नेमा ने कहा, "हमें कतर में यूपीआई की शुरुआत करने पर बेहद खुशी है साथ ही पेमेंट सिस्टम में इनोवेशन के क्षेत्र में सबसे आगे होने पर भी हमें गर्व है। यह मील का पत्थर न केवल भारतीय यात्रियों को सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा देकर, रिटेल और टूरिज्म सेक्टर को मजबूत कर पेमेंट इकोसिस्टम में इंटरऑपरेबिलिटी को बढ़ाकर कतर के बाजार को भी महत्वपूर्ण लाभ देगा।"
