यूपी ट्रेड शो: किसानों को खेत में कीटों के हमले से पहले मोबाइल पर मिलेगा अलर्ट, AI तकनीक से बदलेगी खेती
स्मार्ट पेस्ट डिटेक्टर
खेती में फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने वाली समस्याओं में कीटों का हमला है। अक्सर किसानों को कीटों के हमले का पता तब चलता है, जब फसल को काफी नुकसान हो चुका होता है। ऐसे में किसान अनुमान के आधार पर कीटनाशकों का छिड़काव करते हैं, जिससे लागत भी बढ़ती है और जरूरत से ज्यादा रसायनों का इस्तेमाल भी होता है। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में इस समस्या का तकनीकी समाधान देखने को मिल रहा है।
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में इस बार किसानों और कृषि व्यवसायियों के लिए आधुनिक तकनीक का नया दौर देखने को मिल रहा है। नोएडा की टेक्नोलॉजी कंपनी ScaNxt ने यहां AI और IoT आधारित स्मार्ट पेस्ट डिटेक्टर पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह डिवाइस खेत में मौजूद कीटों की गतिविधियों को रियल टाइम में ट्रैक और एनालाइज कर सकता है। इसका उद्देश्य किसानों को कीटों की शुरुआती स्थिति में जानकारी देना है, ताकि वे समय रहते जरूरी कदम उठा सकें।
मोबाइल पर मिलेगी कीटों की जानकारी
ScaNxt का स्मार्ट पेस्ट डिटेक्टर खेत में लगाया जाता है। डिवाइस लगातार आसपास मौजूद कीटों की निगरानी करता है और AI तकनीक की मदद से उनकी पहचान और गतिविधियों का विश्लेषण करता है। इसके बाद संबंधित जानकारी किसान के स्मार्टफोन पर ऐप के जरिए पहुंचाई जाती है। नोएडा के युवा उद्यमी देबार्घ चटर्जी ने बताया कि कंपनी इस प्रोडक्ट का हरियाणा में ट्रायल कर रही है। उनका कहना है कि आने वाले समय में दूसरे राज्यों की सरकारों के साथ मिलकर इस तकनीक को देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।
किसानों को लगात कम करने में मिलेगी मदद
उनके मुताबिक, समय रहते कीटों की जानकारी मिलने से किसान जरूरत के हिसाब से कीटनाशक का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे बार-बार होने वाले छिड़काव की लागत कम करने में मदद मिल सकती है। कंपनी के अनुसार, कई मामलों में किसान को चार बार छिड़काव करने के बजाय जरूरत के मुताबिक एक बार छिड़काव से काम चल सकता है। इस डिवाइस की अनुमानित कीमत करीब 45,000 रुपये है।
यह कैसे काम करता है?
- यह खेत में लगे-लगे कीटों को ट्रैक करता है और सीधे आपके स्मार्टफोन पर तुरंत अलर्ट व जानकारी भेजता है।
- लाभ: कीड़ों का पता शुरुआती चरण में ही चल जाने से किसान सही समय पर, सही मात्रा में कीटनाशक का छिड़काव कर सकते हैं। इससे कीटनाशकों का बेवजह का खर्च बचता है और फसल पूरी तरह सुरक्षित रहती है।
- अनुमानित कीमत: लगभग ₹45,000। यह स्मार्ट, त्वरित और पूरी तरह किसान-फ्रेंडली डिवाइस है।
स्मार्ट हाइब्रिड डिहाइड्रेटर भी पेश
ScaNxt ने ट्रेड शो में एक स्मार्ट हाइब्रिड डिहाइड्रेटर भी प्रदर्शित किया है। यह मशीन फल, सब्जियों, मसालों और जड़ी-बूटियों जैसे कृषि उत्पादों से नमी निकालकर उनकी शेल्फ लाइफ बढ़ाने में मदद करती है।
इसकी खासियत यह है कि इसे बिजली के साथ-साथ सौर ऊर्जा से भी चलाया जा सकता है। मशीन के दरवाजे पर लगा कंट्रोलर तापमान और नमी को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसके अंदर कई ट्रे होती हैं, जिनमें गर्म हवा का समान रूप से संचार होता है। इससे कृषि उत्पादों को नियंत्रित परिस्थितियों में सुखाया जा सकता है।
इस तकनीक का इस्तेमाल फूड प्रोसेसिंग स्टार्टअप्स के लिए खास तौर पर उपयोगी हो सकता है। उदाहरण के तौर पर आम को सुखाकर ड्राइड मैंगो, टमाटर से टमाटर पाउडर और सहजन से मोरिंगा पाउडर जैसे उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। इससे किसानों को सिर्फ कच्ची उपज बेचने के बजाय वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट तैयार करने का विकल्प मिलता है। इस स्मार्ट हाइब्रिड डिहाइड्रेटर की अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये है।
