नई दिल्ली। माइक्रोब्लॉगिग साइट ट्विटर (Twitter) के नए बॉस बनने के बाद से ही दुनिया के सबसे रईस शख्स एलन मस्क (Elon Musk) सुर्खियों में है। कभी कर्मचारियों से 12 घंटे काम करवाने को लेकर मस्क की चर्चा हो रही है, तो कभी छंटनी की वजह से मस्क सुर्खियां बटोर रहे हैं। अब ट्विटर के ब्लू टिक (Twitter Blue Tick) के लिए उनके द्वारा लगाए जा रहे मंथली चार्ज की चर्चा हो रही है। जी हां, मस्क ने हाल ही में ट्वीट कर बताया था कि अब ब्लू टिक के लिए यूजर्स को हर महीने 8 डॉलर यानी करीब 660 रुपये देने होंगे।
Twitter-Elon Musk: ब्लू टिक से कितनी बढ़ेगी एलन मस्क की कमाई?
इससे पहले कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि दुनिया के सबसे बड़े अरबपति नए ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन (Twitter Blue Tick Price) के लिए हर महीने 19.99 डॉलर यानी भारतीय करेंसी के हिसाब से 1,600 रुपये प्रति माह चार्ज कर सकते हैं। अब ब्लू टिक का कॉस्ट 8 डॉलर प्रति माह फाइनल हुआ है। जाहिर सी बात है कि इससे ट्विटर को रेवेन्यू भी मिलेगा।
कितनी बढ़ेगी मस्क की इनकम?
साल 2021 तक, ट्विटर पर 40 करोड़ से ज्यादा सक्रिय यूजर्स के साथ लगभग 4 लाख वेरिफाइड अकाउंट थे। अगर हम मान लें कि सभी वेरिफाइड ट्विटर यूजर्स पेड सर्विस के लिए साइन अप करेंगे, तो इससे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को हर महीने 3.2 मिलियन डॉलर का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। हालांकि, हाल ही में किए गए एक सर्वे से पता चला था कि 80 फीसदी से ज्यादा ट्विटर यूजर्स ने कहा है कि वे ब्लू टिक के लिए भुगतान नहीं करेंगे।
फिलहाल यह आकलन करना मुश्किल है कि ट्विटर का यह नवीनतम कदम कितना राजस्व जनरेटर करेगा। उल्लेखनीय है कि कंपनी को अप्रैल से जून की अवधि के दौरान 270 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ था, जब इसका रेवेन्यू 1 फीसदी कम होकर 1.18 अरब डॉलर हो गया था। मस्क टेस्ला समेत 6 कंपनियों के को फाउंडर हैं, जिसमें स्पेसएक्स (SpaceX) और बोरिंग कंपनी (Boring Company) शामिल हैं।
