Trump Tariff पर भारत की दो टूक, एक्सेस कैपेसिटी का आरोप बेबुनियाद, ट्रेड डील से सुलझेगा मसला

भारत ने अमेरिका की तरफ से एक्सेस इंडस्ट्रियल कैपेसिटी के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा है कि आरोप बेबुनियाद हैं। इसके साथ ही ट्रेड से जुड़े मसलों को डील के जरिये हल करने की इच्छा जताई है।

Trump Tariff on Structural Excess Capacity : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारतीय सामानों पर 25% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसके पीछे अमेरिका ने भारतीय मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता (Structural Excess Capacity) होने का तर्क दिया है। हालांकि, भारत ने अमेरिका के इस आरोप को खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि देश के किसी भी सेक्टर में संरचनात्मक रूप से जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता नहीं है। भारत ने अमेरिका को यह संदेश भी दिया है कि व्यापार से जुड़े मुद्दों को अलग-अलग टैरिफ कार्रवाई के बजाय दोनों देशों के बीच चल रही ट्रेड डील बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए।

trump tariff 2027

भारत ने अमेरिकी आरोप किए खारिज

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बुधवार, 25 नवंबर, 2026 की रात जारी बयान में कहा कि भारत ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की ओर से जारी नोटिस का संज्ञान लिया है। फिलहाल सरकार इस नोटिस की जांच कर रही है। मंत्रालय के मुताबिक, भारत ने पूरी जांच प्रक्रिया में रचनात्मक तरीके से अपना पक्ष रखा है। वाणिज्य विभाग ने अमेरिका को बताया था कि भारत के किसी भी सेक्टर में स्ट्रक्चरल एक्सेस कैपेसिटी नहीं है।

25% टैरिफ की जगह 17% का भी विकल्प

USTR ने Section 301 जांच के तहत भारत के सभी सामानों पर 25% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, इसमें कुछ उत्पादों को छूट देने की बात भी कही गई है। अमेरिका ने टैरिफ में राहत का विकल्प भी रखा है। प्रस्ताव के मुताबिक, अगर भारत अमेरिका के साथ ऐसा रेसिप्रोकल ट्रेड एग्रीमेंट करता है, जो जांच में उठाई गई अमेरिकी चिंताओं का समाधान करे, तो अतिरिक्त टैरिफ की दर 17% रखने पर विचार किया जा सकता है। यानी अमेरिका ने ट्रेड डील को टैरिफ में संभावित राहत से जोड़ दिया है। हालांकि, 25% टैरिफ अभी लागू नहीं हुआ है और 17% की दर भी पक्की राहत नहीं है।

मेक इन इंडिया और PLI पर भी अमेरिका को ऐतराज

अमेरिका ने भारत की औद्योगिक नीतियों पर सवाल उठाए हैं। USTR के मुताबिक, मेक इन इंडिया (Make in India), आत्मनिर्भर भारत और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) जैसी योजनाएं मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और निर्यात बढ़ाने में भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा अमेरिका ने श्रमिक सुरक्षा, वित्तीय नीतियों, बाजार में प्रवेश की बाधाओं और दूसरे देशों से आयात एवं निवेश से जुड़े मुद्दे भी उठाए हैं। अमेरिका ने खास तौर पर स्टील, सोलर, हेल्थ सेक्टर, फार्मा, मेडिकल डिवाइस और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) को लेकर चिंता जताई है।

ट्रेड डील पर भारत का बड़ा संदेश

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement-BTA) को लेकर बातचीत जारी है। भारत ने कहा है कि किसी भी व्यापारिक चिंता का समाधान इसी बातचीत के दायरे में होना चाहिए। सरकार ने 2 फरवरी 2026 को घोषित समझौते और 7 फरवरी को जारी संयुक्त बयान का हवाला देते हुए जल्द ट्रेड डील पूरी करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। फिलहाल अमेरिका ने प्रस्तावित टैरिफ पर सार्वजनिक टिप्पणियां मांगी हैं। 5 जनवरी 2027 तक लिखित टिप्पणियां जमा की जा सकती हैं, जबकि 25 जनवरी से सार्वजनिक सुनवाई प्रस्तावित है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई पर फैसला होगा।

End Article
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अध...

End of Feed