वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में टाइटन का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 61% बढ़कर 1,684 करोड़ रुपए पहुंच गया। कंपनी की इस तेज बढ़त की सबसे बड़ी वजह ज्वैलरी कारोबार रहा, जिसमें 42% की मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई। कंपनी ने बताया कि त्योहारी और शादी के सीजन के दौरान मजबूत डिमांड, आक्रामक प्रमोशनल ऑफर्स और बेहतर प्रोडक्ट मिक्स से बिक्री को बड़ा सहारा मिला। ज्वैलरी सेगमेंट में EBIT मार्जिन में भी सुधार देखने को मिला, जिससे मुनाफा तेजी से बढ़ा।
टाइटन के शेयर में तेजी
CaratLane का विस्तार जारी
टाइटन की सब्सिडियरी कैरटलैन का प्रदर्शन भी मजबूत रहा। कंपनी का राजस्व बढ़कर 1,537 करोड़ रुपए पहुंच गया। तिमाही के दौरान 24 नए स्टोर जोड़े गए और अब देशभर में कुल स्टोर की संख्या 365 हो गई है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्लेटफॉर्म पर मजबूत मौजूदगी ने कंपनी को युवा ग्राहकों के बीच लोकप्रिय बनाया है, जिससे कुल बिक्री में मजबूती आई।
नए ब्रांड से नए ग्राहकों को साधने की रणनीति
कंपनी ने लैब-ग्रोउन डायमंड ज्वैलरी सेगमेंट में प्रवेश करते हुए ‘beYon’ नाम से नया ब्रांड लॉन्च किया है। कंपनी का मानना है कि इससे नए कस्टमर सेगमेंट तक पहुंच बनेगी, जबकि पारंपरिक डायमंड ज्वैलरी की मांग पर इसका असर नहीं पड़ेगा।
नतीजों के बाद शेयर ने बनाया नया रिकॉर्ड
मजबूत नतीजों के बाद शेयर में तेज खरीदारी देखी गई और स्टॉक 4,267.05 रुपए के स्तर पर बंद हुआ, जो इसका नया ऑल टाइम हाई स्तर रहा। वहीं, बुधवार को शेयर करीब 2 फीसदी के गैपअप के साथ ₹4,350 पर खुला और कारोबार के दौरान ₹4,378.40 के स्तर तक पहुंचकर नया ऑल टाइम हाई भी बनाया। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में स्टॉक करीब 5.7% चढ़ चुका है, जिससे नतीजों के बाद स्टॉक में निवेशकों का भरोसा साफ झलक रहा है।
आगे क्या उम्मीद?
विश्लेषकों के मुताबिक शादी और त्योहार सीजन के साथ-साथ उपभोक्ता खर्च में मजबूती टाइटन की बिक्री को आगे भी सपोर्ट कर सकती है। कंपनी का फोकस प्रोडक्ट इनोवेशन और रिटेल विस्तार पर बना हुआ है, जो लॉन्ग टर्म ग्रोथ को मजबूती दे सकता है।
डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
