30 day rule for saving money: आज के समय में अनावश्यक खर्च (impulse spending) बहुत से लोगों के लिए पैसों से जुड़ी एक बड़ी परेशानी में से एक बन चुका है। कई बार हम बिना सोचे-समझे ऐसी चीजें खरीद लेते हैं, जिनकी वास्तव में जरूरत नहीं होती। अगर आपको भी इसी तरह की समस्या है तो आपकी इस परेशानी का समाधान 30-डे रूल बन सकता है। पैसे बचाने के लिए 30-डे रूल क्या है और कैसे काम करता है, इस आर्टिकल में बताने जा रहे हैं-
पैसे बचाने का 30 डे रूल क्या है (Photo: iStock)
पैसे बचाने का 30-डे रूल क्या है?
30-डे रूल एक आसान पर्सनल फाइनेंस स्ट्रैटेजी है, जो आपको अपने खर्चों पर नियंत्रण रखने में मदद करती है। इस नियम के अनुसार, जब भी आप कोई गैर-जरूरी चीज खरीदने के बारे में सोचते हैं, तो आपको तुरंत खरीदने के बजाय इस खरीदारी को टालते हुए कम से कम 30 दिनों तक इंतजार करना चाहिए।
30-डे रूल कैसे करता है काम
इस नियम का मूल सिद्धांत यह है कि आपको खुद को इतना समय देना चाहिए कि आप यह समझ सकें कि जिस चीज को आप खरीदना चाहते हैं, क्या वह वास्तव में जरूरी है या सिर्फ एक इच्छा (desire) है। अक्सर ऐसा होता है कि समय बीतने के साथ हमारी खरीदने की इच्छा कम हो जाती है और हम उस खर्च से बच जाते हैं।
जब आप किसी खरीदारी को 30 दिनों के लिए टाल देते हैं, तो आपको अपने निर्णय पर दोबारा सोचने का मौका मिलता है। इस दौरान आप यह भी आकलन कर सकते हैं कि वह चीज आपके बजट में फिट बैठती है या नहीं। अगर 30 दिन बाद भी आपको लगता है कि वह चीज आपके लिए जरूरी है और आपके वित्तीय लक्ष्य को प्रभावित नहीं करेगी, तब आप उसे खरीद सकते हैं।
बचत बढ़ाने में मददगार 30-डे रूल
यह तरीका आपको अनावश्यक खर्चों से बचाता है और धीरे-धीरे आपको वित्तीय रूप से अनुशासित (financially disciplined) बनाता है। इसके साथ ही, यह आपकी बचत बढ़ाने में भी मदद करता है क्योंकि आप केवल जरूरी चीजों पर ही पैसा खर्च करते हैं।
फाइनेंशियल प्लानिंग होगी मजबूत
30-डे रूल का एक और फायदा यह है कि यह आपकी सोचने की आदत को बदल देता है। आप तुरंत निर्णय लेने के बजाय समझदारी से खर्च करना सीखते हैं। इससे आपकी फाइनेंशियल प्लानिंग मजबूत होती है और आप अपने लंबे समय के लक्ष्यों, जैसे घर खरीदना या निवेश करना, पर बेहतर तरीके से ध्यान दे पाते हैं।
