तीसरी बार मोदी सरकार बनते देख झूमा शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी ने बनाया ऊंचाई का नया रिकॉर्ड

Stock Market: एनडीए की मीटिंग में तीसरी बार नरेंद्र मोदी को नेता चुना गया है। अब उनके नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है। इसको देखते हुए शेयर बाजार ने भी रिएक्शन दिया। नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर चढ़कर बंद हुआ।

Stock Market: नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनते देख भारतीय शेयर बाजार ने उछाल मारना शुरू कर दिया। शेयर बाजार के प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी शुक्रवार (07 जून 2024) को 2 प्रतिशत से अधिक चढ़कर रिकॉर्ड उच्चस्तर पर बंद हुए। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2024-25 के लिए सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के वृद्धि दर के अनुमान को 7 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.2 प्रतिशत कर दिया है, जिसके चलते बाजार में यह तेजी देखने को मिली। दिन में कारोबार के दौरान BSE का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,720.8 अंक या 2.29 प्रतिशत उछलकर 76,795.31 के नए रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,618.85 अंक या 2.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,693.36 अंक पर बंद हुआ। यह इसका नया रिकॉर्ड है।

Stock Market Surged, Narendra Modi, Modi Government

फिर बनेगी मोदी सरकार, सर्वकालिक उच्च स्तर पहुंचा शेयर बाजार

इसी तरह NSE निफ्टी दिन के कारोबार में 498.8 अंक या 2.18 प्रतिशत चढ़कर 23,320.20 अंक पर पहुंच गया। निफ्टी दिन में कारोबार के दौरान के अपने रिकॉर्ड उच्चस्तर को छूने से केवल 18.5 अंक दूर है। कारोबार के अंत में निफ्टी 468.75 अंक या 2.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,290.15 अंक पर बंद हुआ। इस तरह निफ्टी अपने नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर बंद हुआ। ब्याज दर के प्रति संवेदनशील बैंक, रियल्टी और वाहन क्षेत्र के अलावा आईटी शेयरों में तेज बढ़त दर्ज की गई।

End of Feed