Stock Market Republic Day Holiday: 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाता है। इस दिन देश भर में छुट्टी रहती है। स्कूल, कॉलेज, सरकारी दफ्तर समेत कई संस्थान बंद रहते हैं। इसी तरह गणतंत्र दिवस पर शेयर बाजार BSE और NSE बंद रहता है। साफ है स्टॉक एक्सचेंज बीएसई और एनएसई शुक्रवार 26 जनवरी को 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बंद रहेंगे। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 1950 को भारत के संविधान को अपनाने और देश के गणतंत्र में परिवर्तित होने का प्रतीक है। बीएसई और एनएसई सोमवार 29 जनवरी को कारोबार फिर से शुरू करेंगे। MCXIndia.com के मुताबिक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) सुबह और शाम के सत्र में बंद रहेगा। एमसीएक्स सुबह के सत्र सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक और शाम के सत्र शाम 5 बजे से 11:55 बजे तक आयोजित करता है।
26 जनवरी को बाजार बंद रहेगा या खुला
नुकसान में बंद हुए बीएसई और एनएसई
गुरुवार को शेयर बाजारों में गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 360 अंक के नुकसान में रहा। वहीं निफ्टी 21,400 अंक से नीचे आ गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने के बीच आईटी शेयरों में बिकवाली से बाजार नुकसान में रहा। 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 359.64 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 70,700.67 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 741.27 अंक लुढ़क गया था। सेंसेक्स के 19 शेयर नुकसान में जबकि 11 लाभ में रहे। 50 शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 101.35 अंक यानी 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 21,352.60 अंक पर बंद हुआ।
इन कंपनियों के शेयर में हुआ उतार चढ़ाव
एक्सपर्ट के मुताबिक अमेरिका में बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने और कंपनियों के मिले-जुले वित्तीय परिणाम के साथ विदेशी संस्थागत निवेशक बिकवाली कर रहे हैं। आईटी, औषधि और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई जबकि रियल्टी तथा ऊर्जा शेयर लाभ में रहे। सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा 6 प्रतिशत से अधिक नीचे आया। कंपनी का दिसंबर तिमाही का शुद्ध लाभ 60 प्रतिशत घटकर 510.4 करोड़ रुपये रहा है। तिमाही नतीजे खराब रहने की खबर का असर कंपनी के शेयर पर दिखाई दिया। इसके अलावा भारती एयरटेल, आईटीसी, एशियन पेंट्स, विप्रो, एचडीएफसी बैंक, नेस्ले, टाटा स्टील और मारुति भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। तीसरी तिमाही के परिणाम निवेशकों को आकर्षित करने में विफल रहे। इससे आईटी शेयरों में गिरावट आई। विप्रो 1.68 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज 1.54 प्रतिशत, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज 1.03 प्रतिशत और इन्फोसिस 0.22 प्रतिशत नुकसान में रहे। अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.36 प्रतिशत घटा, जबकि स्मॉलकैप 0.54 प्रतिशत चढ़ा। साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स 982.56 अंक के नुकसान में रहा, जबकि निफ्टी में 269.8 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की गिरावट आई।
