SpaceX IPO के जरिये एलन मस्क दुनिया के पहले खरबपति (Trillionaire) बनने जा रहे हैं। असल में Elon Musk ने SpaceX IPO के वैल्यूएशन को मास्टरस्ट्रोक बनाया है। कंपनी, $1.75 ट्रिलियन वैल्यूएशन पर IPO लाने की तैयारी कर रही है। इससे पूरी दुनिया हैरान है। क्योंकि, लिस्टिंग के साथ ही 1 लाख करोड़ डॉलर से ज्यादा वैल्यू वाली यह दुनिया की पहली कंपनी होगी। इसके साथ ही यह कंपनी पहले ही दिन अमेरिका की 6 सबसे मूल्यवान लिस्टेड फर्मों में शामिल हो जाएगी।
क्यों चौंका रहा वैल्यूएशन?
SpaceX की प्रस्तावित $1.75 ट्रिलियन वैल्यूएशन उसे Meta Platforms और Berkshire Hathaway जैसी दिग्गज कंपनियों के ऊपर पहुंचा देगा। IPO से कंपनी $75 अरब या उससे अधिक जुटाने जा रही है। यह भी अपने आप में रिकॉर्ड है। क्योंकि, यह दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ होगा।Starlink बना असली कमाई का इंजन
SpaceX के हैरान कर देने वाले वैल्यूएशन का सबसे मजबूत आधार उसका Starlink नेटवर्क है, जो मुनाफे में है और कंपनी की कुल आय का लगभग 50% से 80% हिस्सा दे रहा है। Starlink के 1 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर हैं। इसके अलावा Falcon 9 ने 2025 में 165 लॉन्च पूरे किए, जो स्पेस इंडस्ट्री में SpaceX की ऑपरेशनल पकड़ को दिखाता है।
मस्क ने अपनी ब्रांड वैल्यू से किया खेल
SpaceX को $1.75 ट्रिलियन वैल्यूएशन मिलता है, तो उसका Price-to-Revenue मल्टीपल 56 और Price-to-EBITDA मल्टीपल 109 तक पहुंच जाएगा।जबकि इसकी तुलना में Tesla का प्राइस टू रेवेन्यू मल्टीपल 12 और EBITDA मल्टीपल 79 है। यानी SpaceX की कीमत सिर्फ मौजूदा कमाई नहीं, बल्कि भविष्य की उम्मीदों पर भी भारी प्रीमियम पर टिकी है। यह सब हो रहा है मस्क की अपनी ब्रांड वैल्यू के दम पर।
निवेशक किस दांव पर लगा रहे हैं पैसा
निवेशक Starship, xAI और डेटा-सेंटर सैटेलाइट जैसे प्रोजेक्ट्स में भी वैल्यू देख रहे हैं। मसलन, xAI के साथ फरवरी में हुए ट्रांजैक्शन में SpaceX को $1 ट्रिलियन और Grok chatbot डेवलपर xAI को $250 अरब वैल्यू दी गई थी। सेकेंडरी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म Nasdaq Private Market पर SpaceX की वैल्यू पहले ही लगभग $1.54 ट्रिलियन तक बताई जा रही है, जो बताता है कि प्राइवेट मार्केट में भी मांग सप्लाई से आगे निकल चुकी है।
वैल्यूएशन के पुराने पैमाने फेल
SpaceX की कहानी अब सिर्फ स्पेस लॉन्च कंपनी की नहीं रही। Starlink की कमाई, रिकॉर्ड लॉन्च, और मस्क की अगली टेक-इंडस्ट्री चालें मिलकर इसे एक ऐसी इकाई बना रही हैं जिसकी वैल्यूएशन पारंपरिक पैमानों में फिट नहीं बैठती। यही वजह है कि IPO से पहले ही यह सौदा वॉल स्ट्रीट की सबसे बड़ी बहस बन चुका है।
कैसे मस्क रातों रात बन जाएंगे खरबपति
2026 में एलन मस्क की मौजूदा नेटवर्थ करीब $800–850 अरब के आसपास आंकी जा रही है, लेकिन अगर SpaceX $1.75 ट्रिलियन वैल्यूएशन पर लिस्ट होती है तो उनकी लगभग 42% हिस्सेदारी के आधार पर उनकी संपत्ति में $150–300 अरब तक का उछाल आ सकता है। इस संभावित बढ़त के साथ उनकी कुल नेटवर्थ $950 अरब से $1 ट्रिलियन के करीब पहुंच सकती है, यानी वे दुनिया के पहले खरबपति बनने की दहलीज पर खड़े नजर आएंगे, हालांकि अंतिम आंकड़ा लिस्टिंग के बाद शेयर के प्रदर्शन पर ही निर्भर करेगा।
डिस्क्लेमर: TimesNow Hindi किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
